कुर्सी संभालते शिवराज का सख्त फैसला, जबलपुर भोपाल में कर्फ्यू, लोगों से की सहयोग की अपील
भोपाल.कोरोना (Corona) से निपटने और ताज़ा हालात को देखते हुए भोपाल (bhopal) और जबलपुर (jabalpur) में कर्फ्यू लगा दिया गया है. सीएम शिवराज सिंह चौहान (shivraj singh chauhan) के निर्देश पर भोपाल में कलेक्टर तरुण पिथौड़े ने आधी रात के बाद आदेश जारी किया.
सीएम पद की शपथ लेने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने देर रात मंत्रालय में तमाम अधिकारियों की बैठक ली.इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा फैसला लिया जिसके बाद जबलपुर और भोपाल में कर्फ्यू लगा दिया गया है.
कोताही ना बरतें
बैठक के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता से सहयोग मांग रहा हूं कि आप लोग कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रशासन के साथ आएं. सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें. इसके साथ ही भोपाल और जबलपुर दोनों जिलों में जो लॉक डाउन किया गया है इसमें कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी. इसे सख्ती से लागू किया जाए.जरूरतमंदों को जो भी आवश्यक सामग्री है प्रशासन उसे पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा
भोपाल और जबलपुर में मिले हैं पॉजिटिव मरीज़
जबलपुर में 6 और और भोपाल में कोरोना का एक मरीज़ पॉजिटिव मिला है. इन मरीजों के मिलने के बाद प्रशासन ने अपने स्तर पर कदम उठाते हुए टोटल लॉक डाउन किया था. सीएम पद की शपथ लेते ही शिवराज सिंह चौहान ने बैठक में इन दोनों जिलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और इसे गंभीरता से लेते हुए कर्फ्यू लगाने का फैसला किया. शिवराज ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि आम जनता को किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो, इसका भी प्रशासन ध्यान रखे. साथ ही जनता तक आवश्यक सामान पहुंचाने की व्यवस्था भी करें.

