कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करना निगम के दो ठेकेदारों को पड़ा भारी,निगमायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई,अमानत राशि की राजसात, निगम की निविदाओं में भाग लेने पर दो वर्ष तक लगाया प्रतिबंध

IMG 20261113 WA0063

कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करना निगम के दो ठेकेदारों को पड़ा भारी,निगमायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई,अमानत राशि की राजसात, निगम की निविदाओं में भाग लेने पर दो वर्ष तक लगाया प्रतिबं

कटनी। नगर विकास के कार्यों में लापरवाही, निविदा शर्तों की अनदेखी और निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने दो अलग-अलग निर्माण कार्यों के ठेकेदारों द्वारा बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद अनुबंध निष्पादित नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए उनकी स्वीकृत निविदाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही दोनों ठेकेदारों की जमा अमानत राशि राजसात करने तथा आगामी दो वर्षों तक नगर पालिक निगम कटनी की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की गई है।

इन्होंने समय पर नहीं किया अनुबंध निष्पादित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश प्रसाद मसुरहा वार्ड में विभिन्न स्थानों पर सी.सी. रोड निर्माण कार्य के लिए मेसर्स लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स तथा इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 के चौधरी मोहल्ला कुठला में सी.सी. नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन को कार्यादेश जारी किए गए थे। दोनों ठेकेदारों को निविदा शर्तों के अनुसार परफॉर्मेंस गारंटी एवं अतिरिक्त परफॉर्मेंस गारंटी की राशि जमा कराने के उपरांत निर्धारित 15 दिवस की अवधि में अनुबंध निष्पादित करना था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी दोनों ठेकेदारों द्वारा अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई।

निर्देशों की निरंतर अवहेलना

निगम प्रशासन द्वारा इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को पृथक-पृथक पत्र जारी कर सात दिवस के भीतर अनुबंध निष्पादित करने का अंतिम अवसर भी दिया गया था। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित अवधि में अनुबंध निष्पादित नहीं करने पर निविदा निरस्त कर अमानत राशि राजसात करने तथा भविष्य में निगम की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद ठेकेदारों द्वारा निर्देशों की अनदेखी जारी रखी गई।

इसे भी पढ़ें-  खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड: गुजरात के शराब किंग मोहिन जायसवाल की ब्रेन हैमरेज से मौत, बड़ौदा से मास्टरमाइंड मनीष गिरफ्तार; SIT का बड़ा खुलासा

निविदाएं निरस्त, अमानत राशि राजसात

लगातार अवसर दिए जाने के बाद भी अनुबंध निष्पादित नहीं करने तथा इसके कारण स्वीकृत निर्माण कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए निगमायुक्त ने दोनों प्रकरणों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश के तहत संबंधित ठेकेदारों की निविदाएं निरस्त कर जमा अमानत राशि राजसात की गई है तथा मध्यप्रदेश शासन के आदेश के प्रावधानों के तहत दोनों को दो वर्ष की अवधि के लिए नगर निगम कटनी की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित किया गया है।

नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं

निगमायुक्त सुश्री परिहार की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शासकीय निर्माण कार्यों में निविदा शर्तों एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन अनिवार्य है। कार्यादेश प्राप्त करने के बाद अनुबंध प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब अथवा शर्तों की अनदेखी करने वाले ठेकेदारों के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में बाधा उत्पन्न करने और शासकीय प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लेने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।