कांग्रेस में आपसी गुटबाजी खुलकर सामने, बाला बच्चन ने लगाए PCC चीफ पर आरोप

भोपाल। मध्यप्रदेश में एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनावों में उतरने का दावा कर रही कांग्रेस में आपसी गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया से मिलकर पीसीसी चीफ अरुण यादव और उनके भाई सचिन यादव पर पार्टी में गुटबाजी फैलाने के आरोप लगाए हैं।
बाला बच्चन के इन आरोपों के बाद कांग्रेस बचाव की मुद्रा में उतर आई है और इसे पार्टी का अंदरूनी मामला बता रही है. वहीं इस मसले पर भाजपा को कांग्रेस पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बड़वानी में नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ था. इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव के छोटे भाई विधायक सचिन यादव मुख्य अतिथि थे. लेकिन,इस कार्यक्रम में बाला बच्चन को आमंत्रित नहीं किया गया।
गौरतलब है कि बाला बच्चन राजपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं जो कि इसी बड़वानी जिले अंतर्गत आता है. बाला का आरोप है न तो मुझे इस कार्यक्रम के बारे में बताया गया न ही बुलाया गया. कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते वक्त मुझसे सलाह तक नहीं ली गई।
इस बारे में जब कांग्रेस प्रवक्ता मानक अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है. बाला बच्चन वरिष्ठ नेता हैं और वो किसी से नाराज नहीं हैं. उन्होंने केवल अपनी बात प्रदेश प्रभारी के सामने रखी है ।








