कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की दूसरी सूची, भाजपा से आईं पारुल साहू को टिकट
मध्यप्रदेश में आगामी उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने नौ विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। हालांकि, इन उपचुनावों की तारीख का एलान अभी नहीं हुआ है। माना जा रहा है चुनाव आयोग 29 सितंबर को इन चुनावों की तारीख की घोषणा कर सकता है।
यह कांग्रेस की दूसरी सूची है। इसके अनुसार जौरा विधानसभा सीट से पंकज उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया गया है वहीं, सुमावली से अजब कुशवाहा को मौका दिया गया है। ग्वालियर पूर्व से सतीश सिकरवार उम्मीदवार होंगे तो पोहरी विधानसभा सीट से हरिबल्लभ शुक्ला कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस ने सुरखी विधानसभा सीट से हाल ही में भाजपा से आईं पारुल साहू कौ मौका दिया है तो मंधाता से उत्तम राज नारायण सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। बडनावर से अभिषेक सिंह टिंकू बाना कांग्रेस प्रत्याशी होंगे तो सुवासरा के राकेश पाटीदार ताल ठोकेंगे।

इससे पहले 11 सितंबर को कांग्रेस ने 15 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। बता दें कि देश में अभी 64 विधानसभा सीट और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर भी उम्मीदवारों का एलान
कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करने के साथ उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर भी प्रत्याशियों का एलान किया है। इसके अनुसार सुआर विधानसभा सीट से हैदर अली खान और बांगरमऊ विधानसभा सीट से आरती वाजपेयी को मौका दिया गया है।


