कांग्रेस घर-घर जाकर करेगी भाजपा सरकार के खिलाफ चुनाव प्रचार
भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस प्रदेश में सक्रिय हो गई है. मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा को घेरने के लिए नया प्लान तैयार किया है. अब कांग्रेस घर-घर जाकर प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ प्रचार करेगी. कांग्रेस ने इस अभियान को जवाब दो-हिसाब दो नाम दिया है. इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी. कांग्रेस के इस अभियान के साथ ही भाजपा ने भी अपना काउंटर प्लान तैयार कर लिय है.
किसान आंदोलन के बाद भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने अगले आंदोलन का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस जवाब दो-हिसाब दो अभियान के तहत घर-घर जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखेगी. इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता यूपीए सरकार की उपलब्धियों को एक बार फिर जनता के सामने रखने का भी काम करेंगे. इस अभियान के तहत कांग्रेस के करीब 5 लाख कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ मैदाम में उतरेंगे. भाजपा 1993 से लेकर 2003 के बीच की नाकामियां हर मोर्चे पर गिना रही है लेकिन अब कांग्रेस इस कार्यकाल की अच्छी बातें याद दिलाएगी.
कांग्रेस के इस अभियान के साथ ही भाजपा ने अपना काउंटर प्लान भी तैयार कर लिया है. कांग्रेस के अभियान पर प्रदेश भाजपा का कहना है कि घर-घर जाकर तो वे पहले से ही प्रचार कर रहे हैं, लेकिन अब कांग्रेस के इतिहास और शासनकाल की याद भी हर घर के लोगों को दिलायी जाएगी. भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया है कि क्य पहले कांग्रेस अपनी नाकामियों का हिसाब देगी.
बहरहाल, चुनाव आते हैं तो पार्टियां प्रचार भी करती है, जनता से विकास के वादे करती है, लेकिन मध्यप्रदेश की राजनीति में कुछ उल्टा ही चल रहा है. शायद पहली बार ऐसा होगो जब घर-घर जाकर दोनों पार्टियों एक-दूसरे की नाकामियों का ज्यादा जिक्र करेंगी. मध्यप्रदेश में हो रही इस राजनीति से शायद प्रदेश की जनता भी दुखी है.

