Monday, May 25, 2026
Latest:
Latestसागर

कांग्रेसजनों को जेल भेजे जाने से आक्रोशित पूर्व कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा सागर पहुंचे

सागर/ मुख्यमंत्री का विरोध कर रहे कांग्रेस जनों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की घटना से आक्रोशित सागर नगर निगम के प्रभारी और पूर्व कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा ने देर शाम भोपाल से सागर पहुंचकर जेल यात्री कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने शहर- जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन पहुंचकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी से संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कांग्रेसजनों के साहस और जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोट कर कांग्रेसजनों पर दमन पूर्वक कार्यवाही कर रही है।

उन्होंने कहा कि शासन की जन विरोधी नीतियों पर विरोध करना विपक्ष और आम जनता का अधिकार है और इस अधिकार को उनसे छीना नहीं जा सकता है। पीसी शर्मा ने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से उनकी झूठी और अधूरी घोषणाओं पर सवाल पूछ कर कोई गलती नहीं की है। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है और शासक को लोकतंत्र में इन बातों का जवाब देने का साहस रखना चाहिए।

उन्होंने सरकार के तानाशाही रवैया की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी गीदड़ भभकीयों से डरने वाली नहीं है और हमारे बहादुर कार्यकर्ता सैनिक की तरह डटकर मुकाबला करने का साहस रखते हैं।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी के साथ ही जेल यात्रा से रिहा हुए पदाधिकारियों जिला ग्रामीण कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष सुरेंद्र सुहाने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य डॉ संदीप सबलोक अमित रामजी दुबे सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे चक्रेश सिंघई डॉ सीबी तिवारी गोवर्धन रैकवार अतुल नेमा फ़िरदौस कुरेशी अभिषेक पाठक डॉ नरेश चौबे जाहिद ठेकेदार पूर्व पार्षद भैयन पटेल महेश जाटव लीलाधर सूर्यवंशी दीनदयाल तिवारी ताहिर खान आदिल राईन शुभम उपाध्याय रितेश पांडे रुपेश जरिया जमील गब्बर पठान वसीम खान प्रदीप पांडे रशीद रायन साजिद राइन पवन केसरवानी चमन खान वहीद सौदागर आदि से मुलाकात कर आम जनता के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से लड़ी जा रही लड़ाई की सराहना की।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम