कमिश्नर और आयकर अफसर जाएंगे अब जनता के दरवाजे
भोपाल। बदलाव के दौर से गुजर रहा आयकर विभाग अब लोगों को टैक्स के प्रति जागरूक भी करेगा। इसके लिए विभाग के कमिश्नर और आयकर अधिकारी (आईटीओ) भी मैदान में उतरेंगे। स्कूल और कॉलेज के छात्रों को समझाइश दी जाएगी। लोगों के मन से विभाग का भय दूर करने के लिए कमिश्नर भी उनके दरवाजे पर जाएंगे। टैक्स के मुद्दे पर प्रधान आयुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों के पास जाने का कार्यक्रम बनाया है।
आयकर विभाग और करदाताओं के बीच दोस्ताना माहौल बनाने की खातिर महकमे ने यह कवायद शुरू की है। इसके तहत आयकर विभाग के बड़े अफसर करदाताओं में व्याप्त संकोच दूर करने के लिए पहली बार कॉलोनियों में और कारोबारियों के पास जाएंगे। स्कूल और कॉलेज में छात्रों के समूहों की काउंसलिंग कर टैक्स की महत्ता भी समझाएंगे।
जाएंगे वरिष्ठ नागरिकों के पास
भोपाल कमिश्नरेट के प्रधान आयुक्त पतंजलि झा का कहना है कि वह स्वयं वरिष्ठ नागरिकों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं दूर करेंगे। साथ ही विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों से भी इस संबंध में सुझाव मांगेंगे। उन्हें भी करदाताओं की मदद के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल और कॉलेज के बच्चों को यह समझाया जाएगा कि बिना पैसों के बड़े प्रोजेक्ट कैसे चलेंगे? इसलिए उन्हें अभी से इसकी महत्ता समझाई जाएगी।
टैक्स चोरों पर होगी सख्ती
प्रधान आयुक्त ने बताया कि कई मोर्चों पर विभाग की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्टॉप फाइलर्स यानी वो लोग जिन्होंने रिटर्न दाखिल करना बंद कर दिया है। वहीं ऐसे लोग जो विभाग से अपने आमदनी के स्त्रोत छिपाते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
टैक्स चोरों पर विभाग मुकदमा भी चलाएगा। एडवांस टैक्स के मामलों में जो करदाता टाल-मटोल करते पाए जाएंगे, उन्हें भी दंडित किए जाने की योजना है। ‘सेल्फ असेसमेंट टैक्स” की निगरानी भी की जा रही है। टैक्स निकलने के बावजूद जो लोग जमा नहीं कर रहे, उन पर सख्ती भी की जाएगी। इसे यह माना जाएगा कि वे लोग सरकारी पैसा अपने पास रोक रहे हैं, इसके लिए उन्हें अदालती कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

