कमर में बांधकर ले जा रहा था1 लाख 99 हजार रुपए, जीआरपी ने किया गिरफ्तार
बैतूल। आमला जीआरपी ने सोमवार-मंगलवार की रात करीब 12.25 बजे छिंदवाड़ा से इंदौर जा रही पेंचवैली फास्ट पैसेंजर में एक 60 वर्षीय यात्री से 1 लाख 99 हजार रुपए जब्त किए हैं। मथुरा निवासी यह यात्री कमर में राशि बांधे हुए था।
जीआरपी आमला के थाना प्रभारी एसएन मिश्रा के मुताबिक ट्रेनों की जांच के लिए गठित जीआरपी की एसएसटी(स्टैटिक सर्विलांस टीम) ने यह कार्रवाई की। जब आमला स्टेशन पर पेंचेंवली फास्ट पैसेंजर रुकी तो करीब 60 वर्षीय यात्री टीम को देखकर कोच से उतरकर भागने लगा।
संदेह में जवानों ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसकी कमर में 500 रुपए के 398 नोट बंधे मिले। यह राशि 1 लाख 99 हजार रुपए निकली। पूछताछ में उसने अपना नाम रघुवीर सिंह पिता उदयराम सिंह निवासी गांधी नगर मथुरा उत्तर प्रदेश बताया।
उसका कहना था कि सिवनी में एक कंपनी में काम करता है और उसका ऑफिस बैतूल में है। वहीं पर यह राशि जमा करने के लिए जा रहा था, लेकिन इससे संबंधित कोई दस्तावेज और कंपनी का पहचान पत्र नहीं मिला। थाना प्रभारी मिश्रा के मुताबिक फिलहाल राशि जब्त की गई है। दस्तावेज पेश होने पर राशि मुक्त की जाएगी।

