कटनी: साल 2023 के अंतिम दिन की तरह नए साल 2024 के पहले दिन की सुबह भी कोहरे की चादर में लिपटी रही, ठंड बढ़ने का है पूर्वानुमान

कटनी। बीत गए साल 2023 के अंतिम दिन के बाद कटनी में नए वर्ष 2024 की पहली सुबह भी कोहरे की चादर से ढकी हुई रही। साल के शुरुआत के साथ ही कड़कड़ाती ठंड का आगाज भी हो गया। ठंड भी ऐसी की गर्म कपड़ों से बचाव करना मुश्किल होता जा रहा है। गर्म कंबल और रजाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है।
नए साल का सभी को बेसब्री से इंतजार था, अब ये इंतजार खत्म हो गया है और खुशनुमा माहौल में नए साल का आगाज हो गया। साल 2024 कटनी में अपने साथ कड़ाके की ठंड लेकर आया है। कटनी में नव वर्ष की पहली सुबह कोहरे से ढकी हुई थी।
चारों तरफ धुंध ही धुंध का साम्राज्य दिखाई दे रहा था। कड़ाके की ठंड भी लोगों को चुभ रही थी। इसी ठंड के साथ लोगों ने नए साल के पहले दिन का भी स्वागत किया।
मौसम विभाग के अनुसार ऐसी ठंड अगले कुछ दिनों तक बनी रहेगी। साल बदलने के साथ ही ठंड ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ठंड की चुभन शरीर को कंपाने लगी है। इस ठंड में सिर्फ गर्म कपड़ों से सुरक्षा कर पाना मुश्किल है। बचाव के लिए अलाव, गर्म कंबल और रजाईयों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उत्तर भारत के सभी राज्य पहले से ही शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप झेल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही ये अनुमान जताया था कि नए साल की शुरुआत भी रिकॉर्ड तोड़ ठंड के साथ होगी।
*
आज भी ठंडी हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल
घने कोहरे व कड़ाके की ठंड के बीच शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा कर रख दिया है। शीतलहर के कारण गलन इतनी बढ़ गई है कि लोगों का एकमात्र सहारा गर्म कपड़े व आग बना हुआ है। शीतलहर के चलते साल 2023 के अंतिम दिन रविवार की शाम ढलते ही लोग अपने घरों में दुबक गए, जहां अलाव जलाकर ठंडी से निजात पाने का प्रयास किया। इससे पहले तो धूप के कारण मौसम का अलग ही रूप था। लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। सड़क पर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। सुबह तक मौसम में गलन रहने के बाद शाम को चल रही ठंड हवा के कारण लोगों की मुश्किलें और बढती जा रही हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम के परिवर्तन के कारण लोगों के काम पर भी प्रभाव पड़ा है। लंबे समय तक लोग घरों में ही दुबके नजर आ रहे हैं।
आज भी सर्दीला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के अनुसार ही नए वर्ष 2024 के पहले दिन सोमवार की शुरूआत सर्दीली हवाओं के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा व अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में नमी बनी रहेगी। कृषि विभाग के अनुसार यह मौसम चने की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगा। पिछले वर्ष ओलावृष्टि की वजह से चने की फसल नष्ट हो गई थी। इस वर्ष भी किसानों ने भारी तादाद में चने की बोवाई की है। यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो चने का अच्छा उत्पादन होगा। लेकिन बारिश या ओलावृष्टि होने पर फसल को नुकसान होने की संभावना भी बनी हुई है।
ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला जारी
ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है तथा ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला जारी है। कोहरे की वजह से अप और डाउन की ज्यादातर ट्रेनें कई घंटे विलंब से चल रही हैं। कटनी से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही थी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। जिसका असर आमजन मानस के जीवन पर साफ तौर देखा जा रहा है।








