Monday, April 20, 2026
Latest:
katniविधानसभा चुनाव 2018

कटनी में टिकट- न दीदी ना दादा, अब चलेगा भैया का वादा

कटनी। भाजपा ने कटनी जिले में न तो दादा को टिकट दी न ही दीदी को। केवल भैया पर भरोसा जताया। पार्टी के घोषित तीनों नाम के निक नेम पूरे जिले में चर्चित हैं। विजयराघवगढ़ से भाजपा प्रत्याशी संजू भैया के नाम से लोकप्रिय हैं तो कटनी में संदीप जायसवाल को लोग सोनू भैया के नाम से पहचानते हैं। इसी तरह बहोरीबंद से प्रणय पांडे को लोग गुड्डू भैया ही ज्यादा कहते हैं।

गौरतलब है कि जिले की यह तीनों सीटों पर भाजपा की तरफ से कभी दीदी मतलब अलका जैन चला तो कभी दादा मतलब धु्रव प्रताप सिंह रेस में शामिल हुए लेकिन दीदी दादा को भैया ने अंततः मात दे दी। बारी अब कांग्रेस की है यहां से एक दीदी मतलब पद्मा शुक्ला पहले ही दावेदार है तो बाकी तीन सीटों पर कांग्रेस भी भैया मतलब युवाओं पर विश्वास जताने के लिए तैयार दिख रही है।

गौरतलब है कि बहोरीबंद में सौरभ सिंह प्रत्याशी हो सकते हैं तो वहीं कटनी से अचानक एक और भैया अर्थात चीनी चेलानी की टिकट कन्फर्म बताई जा रही है। उधर बड़वारा में भी बंसत सिंह भैया पर कांग्रेस दांव खेल रही है। साफ है कि कटनी जिले की राजनीति में भैया का ही बोलबाला होने वाला है। वैसे कटनी सीट के इतिहास पर गौर करें तो 50 प्लस वाले प्रत्याशी ज्यादा सफल नहीं हो सके। डा. एपी सिंह के बाद कटनी में भाजपा की अलका जैन, गिरिराज किशोर पोद्दार उसके बाद संदीप जायसवाल अंडर 50 के ही प्रत्याशी रहे जिन्होंने लोंगों के विश्वास जीतने में सफलता हासिल की अब एक बार फिर से पार्टियां खास तौर पर भाजपा ने भैया लोगों पर अपना दांव खेला है देखना है यह कितना फिट बैठता है। कांग्रेस की तरफ से चर्चा में इन नामों को हरी झंडी मिलती है तो भैया राज कटनी की राजनीति में प्रभावशाली होगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply