कटनी फल व्यापारी की कार से 5 लाख रूपए जप्त, एसएसटी टीम की कार्रवाई
कटनी। आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा जिले भर में जांच की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस 50 हजार रुपए से अधिक नगद रुपए ले जाने पर उसे जप्त कर लेती है। ये कार्रवाई उस स्थिति में की जाती है जब संबंधित व्यक्ति के पास रुपयों के संबंध में दस्तावेज नहीं होते हैं। सोमवार शाम को मुड़वारा स्टेशन के बाहर जांच के लिए तैनात टीम द्वारा एक कार की जांच की गई।
जांच के दौरान कार के अंदर से पांच लाख रुपए मिले। रुपयों के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर कार मालिक द्वारा दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके। जिसके बाद पुलिस ने पांच लाख रुपयों को जप्त कर लिया हैं। रुपयों को जप्त करने के बाद जिला कोषालय में जमा कराया जा रहा है।
कोतवाली टीआई शैलेष मिश्रा ने बताया कि मुड़वारा स्टेशन के बाहर गठित की गई जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा जांच कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान माधवनगर निवासी कन्हैया लाल केवलानी की कार को रोका गया। कार की तलाशी के दौरान उसके अंदर पांच लाख रुपए रखे मिले। जिसके संबंध में कन्हैया लाल केवलानी से दस्तावेज मांगे गए लेकिन कन्हैया लाल केवलानी दस्तावेज नहीं दिखा सके। जिस पर टीम द्वारा रुपयों को जप्त कर लिया गया है।

