कटनी के कारोबारी की छिंदवाड़ा में संदिग्ध मौत, दुकान के पीछे कमरे में फंदे पर लटका मिला शव 

Screenshot 20261122 085815

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कटनी निवासी एक कारोबारी की छिंदवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा क्षेत्र में एक किराए की दुकान के पीछे बने कमरे में कारोबारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान श्रीकांत पासेबंद (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कटनी के निवासी थे और छिंदवाड़ा में व्यवसाय संचालित कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीकांत पासेबंद छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा क्षेत्र में भैरों ढाबा के पास बीज भंडार, कीटनाशक एवं हार्डवेयर का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि वह 16-17 नवंबर के आसपास कटनी आए थे और 18-19 नवंबर को वापस छिंदवाड़ा लौटे थे।

फोन नहीं उठाने पर दोस्त को हुई चिंता

बताया जाता है कि परिजन लगातार श्रीकांत से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने उनके एक पुराने दोस्त को दुकान पर जाकर जानकारी लेने के लिए कहा। दोस्त जब दुकान पहुंचा तो शटर अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद शटर का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। दुकान के पीछे बने कमरे में श्रीकांत का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर कटनी से परिजन भी छिंदवाड़ा पहुंचे। फिलहाल कारोबारी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।