व्यापार

ऑफिस की पार्टियां करें एंजाॅय, जरा संभल कर

ऑफिस डेस्‍क।  ऑफिस में काम तो होता ही रहता है लेकिन ऑफिस की पार्टियां भी बड़ी मजेदार होती हैं। बस, इतना भर याद रखना होता है कि यहां आप अपने घनिष्ठ मित्रों के बीच नहीं, बल्कि दफ्तर के सहकर्मियों व

सीनियर्स-जूनियर्स के बीच हैं। इसलिए मजे के नाम पर कोई ऐसी हरकत न कर बैठें जिसके लिए बाद में आपको शर्मिंदगी झेलनी पड़े और जिससे आपके करियर पर भी आंच आए। ऑफिस पार्टीज के कुछ डूज एंड डोंट्स पर गौर कर लें…।

न्योता स्वीकार करें :

कुछ दफ्तरों में पार्टियां बड़े फॉर्मल तरीके से आयोजित की जाती हैं। इनमें आरएसवीपी भी होता है, यानी आपको बताना होता है कि आप पार्टी में शामिल होंगे या नहीं। यह एक तरह से आपका कर्तव्य है। आयोजक इसी आधार पर व्यवस्था करते हैं कि कितने लोग पार्टी में शामिल होंगे। अगर आप पहले से तय किसी और कार्यक्रम की वजह से पार्टी में नहीं जा सकते, तो ईमेल या अन्य किसी माध्यम से आयोजकों को सूचित जरूर कर दें।

थीम के अनुसार कपड़े पहनें :

अगर पार्टी के लिए कोई थीम तय की गई है, तो उसके अनुसार ही तैयार होकर जाएं। इससे सबके बीच एकता की भावना मजबूत होती है। अगर सब थीम के अनुसार तैयार होकर आए और आप ही अलग तरह के कपड़ों में हुए, तो आप अजूबे नजर आएंगे।

अति न कर बैठें :

पार्टी मनोरंजन और आनंद प्राप्त करने के लिए ही होती है। यहां हंसी-मजाक भी होगा, नाच-गाना भी होगा। इनका भरपूर आनंद लें मगर अति से बचें व हदें पार न करें। आखिर पार्टी ऑफिस की है। कुछ भी हो, आपके वरिष्ठजन आप पर नजर रख ही रहे होंगे। कई बार पार्टियों में मजाक के बीच झगड़ा भी हो उठता है। ऑफिस पार्टी में तो ऐसा कतई नहीं होना चाहिए क्योंकि आखिर आपको इन्हीं लोगों के बीच रोज काम करना है। अगर पार्टी में हार्ड ड्रिंक्स भी परोसे जा रहे हों, तब तो और सावधानी बरतने की जरूरत है।

फोन पर न लगे रहें:

आप पार्टी में आए हैं, तो यहां अपने फोन में व्यस्त न रहें। एक तो, ऐसा कर आप पार्टी का आनंद लेने से वंचित रह

जाएंगे। दूसरे, इससे अन्य लोगों को यही संदेश जाएगा कि आप पार्टी में आकर खुश नहीं हैं, मन मारकर यहां आए हैं। इससे आपकी छवि अच्छी नहीं बनेगी। बहुत जरूरी हो, तो ही कोई कॉल रिसीव करें या किसी मैसेज का जवाब दें। इसके बजाए लोगों से मिलें-जुलें, गेम्स में भाग लें, अपनी सिंगिंग/ डांसिंग स्किल्स का प्रदर्शन करें।

पार्टी में जरूर जाएं:

अगर किसी बहुत जरूरी काम की वजह से न जा पाएं, तो और बात है लेकिन यथासंभव ऑफिस पार्टी में जरूर जाएं। यह दफ्तर के साथियों के साथ अनौपचारिक माहौल में मेल-मुलाकात करने का बहुत बढ़िया मौका होता है। आपकी मुलाकात कंपनी के उन लोगों से भी हो जाती है, जिनसे आम तौर पर मिलना संभव नहीं हो पाता। इसलिए

इन पार्टियों को समय की बर्बादी न मानें। ये पार्टियां इसलिए भी आयोजित की जाती हैं ताकि कर्मचारी अपनी कंपनी के साथ जुड़ाव महसूस कर सकें।

नेवर्किंग का मौका भुनाएं:

इन पार्टियों में आपको अन्य विभागों के लोगों के साथ नेटवर्किंग करने का बेहतरीन मौका मिलता है। इसे हाथ से जाने न दें। ऑफिस में काम के बीच आप जिन लोगों से ज्यादा बात नहीं कर पाते, उनसे भी यहां फुर्सत में लंबा वार्तालाप कर सकते हैं। इस प्रकार आप उन लोगों को भी एक व्यक्ति के रूप में जानने लगते हैं, जिन्हें अभी तक आप केवल पदाधिकारी के रूप में जानते थे। यह नेटवर्किंग आपके करियर के भविष्य के लिहाज से भी उपयोगी साबित हो सकती है।

धन्यवाद दें:

यह सामान्य शिष्टाचार है कि पार्टी से जाते समय हम मेजबान को धन्यवाद दें। ऑफिस पार्टी के आयोजन की जिम्मेदारी जिस विभाग की थी, उसके कर्ता-धर्ताओं को धन्यवाद जरूर दें। आपकी एक शाम अच्छे से गुजरे, इसके लिए वे कई दिन पहले से मेहनत करते हैं। आपके धन्यवाद से उन्हें लगेगा कि उनके प्रयासों को सराहा जा रहा

है और उनका हौसला बढ़ेगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply