उमरिया में शिकार के लिए लगाए गए बिजली के तार में आकर ग्रामीण की मौत
उमरिया, Umaria News। जिले के मानपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मझगवां (सरशवाही) में शिकारियों द्वारा जँगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक प्रौढ़ की मौत हो गई। यह घटना बुधवार की सुबह 5:00 बजे हुई है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार करंट की चपेट में आने से राम कल्याण राय उम्र 55 वर्ष की मौत हो गई । घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
खेत में बिछाया गया था करंट
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना राम कल्याण राय के एक रिश्ते के भाई के खेत में ही हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि राम कल्याण राय बुधवार की सुबह 5 बजे अपने घर से खेत जाने के लिए घर से निकले थे। जिस खेत में घटना हुई है उसके नजदीक ही राम कल्याण का खेत था। जब वे पांडू राय के खेत से होकर जा रहे थे तो घटना का शिकार हो गए बताया गया है कि इसी खेत में शिकार के लिए बिछाए गए 11 हजार के वी यह करंट की चपेट में वे आ गए थे। शिकार के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से उनका पूरा शरीर झुलस गया और मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

