Latest

उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश, गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर

विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के दुष्कर्म तथा पीड़िता की हत्या के प्रयास के आरोप में जेल जाने के बाद उन्नाव एक बाद फिर चर्चा में है। यहां के बिहार थाना क्षेत्र के हिंदू भाटन खेड़ा गांव में दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया। वहीं पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ते जाने से उसको लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

बिहार थानाक्षेत्र के हिन्दुनगर गांव की युवती के साथ दुष्कर्म हुआ था। इसके बाद दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। युवती इसी मामले की पैरवी के लिए गुरुवार को रायबरेली जा रही थी। गुरुवार की भोर में करीब 4 बजे पीड़िता रायबरेली जाने के लिए ट्रेन पकडने बैसवारा स्टेशन के लिए निकली थी । सुबह चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में दोनों आरोपी व उसके तीन साथियों ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही गांव में खलबली मच गई। बिहार क्षेत्र के हिंदूनगर भाटनखेडा गांव के रहने वाले शिवम त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी ने 12 दिसंबर 2018 को इलाके की एक युवती को अगवा करके रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में गैंगरेप किया था। जिसका मुकदमा रायबरेली जिले के थाना लालगंज में पंजीकृत है और रायबरेली कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है।

सुमेरपुर अस्पताल में एसडीएम दयाशंकर पाठक को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह गाैरा माेड के पास पहुंची तो पहले से माैजूद गांव के हरिशंकर त्रिवेदी, रामकिशोर त्रिवेदी, उमेश बाजपेयी व रेप के आराेपित शिवम त्रिवेदी, शुभम त्रिवेदी ने लाठी, डंडे, चाकू से वार कर दिया। उसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। चीखने-चिल्लाने पर वहां पहुंचे आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो आरोपित भाग गए। इसकी सूचना पर पहुंचे स्वजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ते जाने से उसको लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Back to top button