FEATURED

आसाराम पर फैसला पुलिस के लिए बना मुसीबत, पड़ोसी राज्यों से मांगी मदद

नेशनल डेस्क: यौन शोषण के आरोप में सजा ​काट रहे आसाराम बापू पर जोधपुर की एक अदालत कल फैसला सुनाएगी। वहीं इसे लेकर पुलिस भी काफी अलर्ट हो गई है, दिल्ली से लेकर जोधपुर तक सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। फैसले से पूर्व आसाराम सामर्थकों और साधकों की हजारों की संख्या में जुटने वाली भीड़ को लेकर धारा 144 लागू की गई है। शहर में होटलों, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड के साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस के जवान तैनात किए गए है।

जोधपुर जेल में ही सुनाया जाएगा फैसला
डीजीआई विक्रम सिंह ने बताया कि हमने फैसला सुनाये जाने के दिन के लिए सभी प्रबंध किए हैं। जेल परिसर में अदालत कक्ष में अदालत के कर्मचारियों सहित मजिस्ट्रेट, आसाराम और सह आरोपी, बचाव एवं अभियोजन पक्ष के वकील मौजूद रहेंगे। विशेष अदालत में एससी/एसटी मामलों पर सात अप्रैल को अंतिम दलीलें पूरी हुयी थी और अदालत ने फैसला सुनाने के लिए 25 अप्रैल की तारीख निर्धारित की थी। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की एक किशोरी लड़की की शिकायत पर आसाराम को गिरफ्तार किया गया था। वह मध्य प्रदेश के छिंडवाड़ा में आसाराम के आश्रम में पढ़ाई कर रही थी।

आसारात पर यौन उत्पीड़न का आरोप 
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आसाराम ने जोधपुर के मनाई इलाके में स्थित अपने आश्रम में उसे बुलाया और 15 अगस्त 2013 की रात में उसके साथ बलात्कार किया। आसाराम को इंदौर में गिरफ्तार किया गया और एक सितंबर 2013 को जोधपुर लाया गया। वह दो सितंबर 2013 से न्यायिक हिरासत में हैं। डीसीपी ( पूर्व ) अमन दीप सिंह ने बताया कि हमने 21 अप्रैल से शहर में सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी है और यह 30 अप्रैल तक जारी रहेगी। फैसले वाले दिन जेल को सील कर देंगे और किसी को भी जेल परिसर के करीब आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पीड़िता के परिवार की बढ़ाई सुरक्षा 
आसाराम के केस की सुनवाई सात अप्रैल को पूरी हो गई थी। इसके बाद फैसले की तिथि जैसे ही कोर्ट से निश्चित हुई। पुलिस पीड़ित के परिवार की सुरक्षा को लेकर और भी सतर्क हो गई। पीड़ित के आवास के बाहर चौकी स्थापित करके बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ सशस्त्र पुलिस बल और महिला सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे में भी हर आने-जाने वाले शख्स पर नजर रखी जाती है।

Leave a Reply

Back to top button