‘आप’ के बागी विधायक कपिल मिश्रा को मिला बीजेपी में आने का न्यौता

नई दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी की सियासत में उथल-पुथल जारी है। कांग्रेस, ‘आप’ व भाजपा के नेताओं में खिचड़ी पकनी शुरू हो गई है। ‘आप’ और कांग्रेस में गठबंधन के बीच रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विजय गोयल यमुना विहार स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के करावल नगर से बागी विधायक कपिल मिश्रा के घर पहुंचे। यहां उन्होंने कपिल को भाजपा में आने का न्योता दिया। गोयल ने कपिल मिश्रा की जमकर तारीफ की, साथ ही कहा कि व तय करें कि कब भाजपा में आना है?
कपिल ने किया विजय गोयल का धन्यावाद
दूसरी ओर कपिल ने विजय गोयल के घर पहुंचने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि हमारे घर आने के लिए शुक्रिया, आपकी सादगी और संदेश से सभी बहुत प्रभावित हुए। जब कौरव इकट्ठा हो रहे हैं, तो पांडव भी जरूर इकट्ठा होंगे ही। विजय गोयल ने बताया कि वे कपिल मिश्रा को कॉमनवेल्थ गेम्स के वक्त से जानते हैं। उस दौरान हम दोनों आंदोलन करते थे। कपिल ने कॉमनवेल्थ घोटाले पर एक पुस्तिका छापी, जिसके विमोचन पर मुझे बुलाया। भाजपा की नजर हर अच्छे लोगों पर है। कपिल ने कहा कि वे दिल्ली के मुद्दों से जुड़े हैं। राजधानी में बदलाव की बड़ी जरूरत है। मोदी जी पूरे देश के लिए एक विजन लेकर चल रहे हैं। उन्हें भी दुख होता होगा कि देश की राजधानी में जनता पानी से परेशान हैं। दिल्ली सरकार ठप है।
कभी केजरीवाल के खास थे कपिल
कपिल मिश्रा कभी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खास विधायकों में से एक थे। सरकार गठन के वक्त उन्हें मंत्री भी बनाया जा रहा था, लेकिन अंदरूनी वजहों के कारण उन्हें मंत्री नहीं बनाया जा सका। फर्जी डिग्री के मामले में जब जितेंद्र तोमर को मंत्री पद से हटना पड़ा, तो केजरीवाल ने कपिल को जल मंत्री बनाया। दिल्ली में जल संकट पर काफी अच्छे काम भी हुए। एमसीडी चुनाव के बाद केजरीवाल ने कपिल को मंत्री पद से हटा दिया। इसके बाद कपिल ने अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। तभी से वे ‘आप’ के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।








