Monday, May 25, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

आदित्य ठाकरे को सीएम बनाना चाहती है शिवसेना?

मुंबई। क्या शिवसेना अपने युवा नेता आदित्य ठाकरे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाना चाहती है? पार्टी नेता संजय राउत ने तो यही संकेत दिए हैं। भाजपा ने पिछले दिनों कहा था कि जल्द ही देवेंद्र फडणवीस सरकार का विस्तार होगा और शिवसेना को डिप्टी सीएम का पद दिया जा सकता है। इस पर संजय राउत ने कहा, ‘ठाकरे कभी डिप्टी पोस्ट नहीं लेता है। इस परिवार का सदस्य हमेशा चीफ होता है। इस परिवार की प्रदेश और देश की राजनीति में प्रतिष्ठा है।’ इसके साथ ही पार्टी ने संकेत दे दिए हैं कि इसी साल होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पार्टी उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को सीएम पद का उम्मीदवार बना सकती है।
इस मुद्दे पर आदित्य ठाकरे का भी इन्कार नहीं आया है। उनका कहना है कि मैं इस विषय पर कुछ नहीं बोलूंगा। राजनीति में मेरी एंट्री को लेकर कोई भी फैसला पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे करेंगे।

बता दें, पिछले पांच साल में भाजपा और शिवसेना के रिश्ते अजीब रहे हैं। शिवसेना केंद्र और राज्य में भाजपा की सहयोगी पार्टी है, लेकिन उसने भाजपा, उसके नेताओं और यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। हालांकि पिछला लोकसभा चुनाव दोनों दलों ने साथ लड़ा था और इसका असर भी नजर आया। मोदी के शपथ ग्रहण में उद्धव ठाकरे ने हिस्सा लिया था।

विधानसभा में सीएम का मुद्दा दोनों दलों के बीच टसल का कारण बन सकती है। भाजपा कहती रही है कि सीएम तो उसका ही होगा। भाजपा ने सुधीर मुंगांतिवार ने कोर कमेटी की बैठक में सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी के लिए काम करने और एक बार फिर भाजपाई सीएम बनाने की अपील की है।

288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में अभी भाजपा-शिवसेना की गठबंधन सरकार है। 2014 में भाजपा को 122, तो शिवसेना को 63 सीटें मिली थीं। कांग्रेस 42 तो एनसीपी 41 पर सिमट गई थी। इससे पहले तीन बार तक कांग्रेस की सरकार रही थी। लोकसभा चुनाव में जबरदस्त जीत के बाद भाजपा-शिवसेना गठबंधन उत्साहित है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply