खुले नाले में गिरा युवक, प्रतिमा लेकर जा रहे साथियों में मची अफरा-तफरी
108 एंबुलेंस की सेवा पर भी उठे सवाल, सीढ़ी की मदद से युवक को निकाला; नगर निगम की व्यवस्था पर लोगों ने जताई नाराजगी
कटनी। शहर में खुले नाले और अंधेरे के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है। आधारकाप क्षेत्र में पवन मूर्तिकार के पास से सराफा एसोसिएशन दुर्गा पूजा समिति की दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रहे दीपक सोनी अंधेरे के कारण खुले नाले में गिर गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और युवक को नाले से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दीपक सोनी को नाले से बाहर निकालने के लिए पहले 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया गया। आरोप है कि शुरुआत में एंबुलेंस के आने की बात कही गई, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर बताया गया कि दूसरी जगह जाना है, इसलिए दोबारा 108 पर कॉल करें। इसके बाद साथियों ने फिर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
आखिरकार, साथियों ने सीढ़ी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दीपक सोनी को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से ऋषि जैन हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती कराने की व्यवस्था की गई।
इस घटना ने शहर में खुले नालों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्गा प्रतिमा समितियों की ओर से पहले भी जिला प्रशासन को शहर के खुले नालों और गड्ढों को दुरुस्त कराने की मांग से अवगत कराने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद ऐसी घटना सामने आने से नागरिकों में नाराजगी है।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही नगर निगम खुले नालों को ढकने और अंधेरे वाले स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के लिए ठोस कदम उठाएगा? शहरवासियों ने खुले नालों को सुरक्षित करने और ऐसे स्थानों पर तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है।












