आज से पटरी पर दौड़ने लगेंगी 80 नई स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें गाड़ियों की पूरी लिस्ट और जानें जरूरी बातें

कोरोना महामारी के बीच भारतीय रेलवे आज से 80 नई विशेष ट्रेनों का संचालन करने जा रही है। कुछ दिन पहले ही रेलवे की तरफ से इसका एलान किया गया। अनलॉक 1 की शुरुआत से ही रेलवे 230 ट्रेनों का संचालन कर रहा है, वहीं अब इस सूची में 80 और ट्रेनें जुड़ जाएंगी।
देखें ट्रेनों की लिस्ट
Indian Railways to run additional 40 pairs of more special trains w.e.f. 12th September 2020.
These will be fully reserved train. Ticket can be booked from 10th September, 2020https://t.co/nurgBZYvJd pic.twitter.com/TtQKJyKAdQ
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) September 6, 2020
रेलवे ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा था कि अनलॉक 4 में 12 सितंबर से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 80 नई ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। साथ ही कहा था कि जरूरत पड़ने पर रेलवे क्लोन ट्रेन भी चलाएगा।
भारतीय रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन नई विशेष ट्रेनों के द्वारा यात्रा करने के लिए 10 सितंबर से ही आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऐसे में इन 80 ट्रेनों की सूची को यहां देखें:-
वहीं, किसी भी ट्रेन की क्लोन ट्रेन चलाने का फैसला तब लिया जाएगा, जब उस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों की वेटिंग लिस्ट लंबी होगी। यानी कि किसी स्थान से ज्यादा यात्री होने और उन्हें कंफर्म टिकट नहीं मिलने की स्थिति में रेलवे क्लोन ट्रेन का संचालन करेगा।
क्या है क्लोन ट्रेन का आइडिया?
क्लोन ट्रेन को उदाहरण के तौर पर समझें तो बिहार से दिल्ली आने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में अगर ज्यादा वेटिंग लिस्ट होती है तो रेलवे उसके प्रस्थान करने के एक घंटे या कुछ देर बाद उसी नंबर की एक और ट्रेन दिल्ली के लिए चलाएगा, जिसमें बिहार संपर्क क्रांति के वेटिंग लिस्ट टिकट वाले यात्रियों को यात्रा का मौका मिलेगा।
ये ट्रेन बिलकुल बिहार संपर्क क्रांति के नंबर की होगी और उसी प्लेटफॉर्म व रूट से दिल्ली भी पहुंचेगी। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। क्लोन ट्रेनें ज्यादा डिमांड वाले रूट पर वेटिंग लिस्ट के आधार पर चलाई जाएंगी।
सबसे पहले मुंबई -दिल्ली रूट पर हो सकती शुरुआत
रेलवे बोर्ड के दावों के अनुसार, दिल्ली से मुंबई रूट पर इस योजना को शुरू किया जाएगा। रेलवे ने इस रूट पर जीरो वेटिंग लिस्ट का लक्ष्य रखा हुआ है। गौरतलब है कि राजधानी एक्सप्रेस में अमूमन काफी भीड़ रहती है। बड़ी संख्या में लोगों का टिकट कंफर्म नहीं हो पाता है। ऐसे में वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को क्लोन ट्रेन में कंफर्म बर्थ मिलेगी।
बता दें कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने 25 मार्च से सभी प्रकार के ट्रेनों की आवाजाही को बंद कर दिया था। इसके बाद प्रवासी मजदूरों को घर तक पहुंचाने के लिए 1 मई से श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी।
कुछ जरूरी बातें
– टिकट बुक करने के लिए www.irctc.co.in पर लॉगइन करें या आईआरसीटीसी ऐप डाउनलोड करें।
– लॉगइन करने के बाद आप इन विशेष ट्रेनों की उपलब्धता देख सकते हैं और इसके बाद ई-भुगतान के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। आपको एक एसएमएस भी प्राप्त होगा।
– इन ट्रेनों के ठहराव को संबंधित राज्य सरकारों के साथ परामर्श के बाद विनियमित किया जाएगा।
– वर्तमान में रेलवे 30 विशेष राजधानी प्रकार की ट्रेनें चला रहा है, जो मई से शुरू हुई थीं
– 1 जून से रेलवे 200 विशेष मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चला रहा है।
– जैसे-जैसे राष्ट्रीय स्तर की कई परीक्षाएं हो रही हैं, रेलवे मांग के अनुसार और विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है।
– ऐसा कहा गया है कि अगर वेटिंग लिस्ट की संख्या बहुत ज्यादा है तो रेलवे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को समायोजित करने के लिए क्लोन ट्रेन चलाएगा।
– 80 नई विशेष ट्रेन को लॉकडाउन के चौथे चरण में महामारी की दोहरी मार झेल रहे प्रवासी श्रमिकों को ध्यान में रखते हुए पेश किया जा रहा है
– अपनी सीमित सेवा के कारण भारतीय रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।








