Saturday, May 9, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिवाली से पहले मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

भोपाल। प्रदेश की एक लाख 80 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को बढ़ा हुआ मानदेय दीपावली से पहले दिया जाएगा। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उनसे हर हाल में दीपावली से पहले मानदेय या वेतन का भुगतान करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नौ अप्रैल 2018 को सीएम हाउस में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ता, सहायिका और उप आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। घोषणा के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 10 हजार और सहायिका को पांच हजार रुपए महीना मानदेय दिया जाना है।

इसकी 60 फीसदी राशि केंद्र सरकार देती है। केंद्र सरकार ने 11 सितंबर 2018 को अपने हिस्से की राशि में बढ़ोतरी की है। राज्य शासन ने प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने से पहले इसके निर्देश जारी कर दिए थे। अब इस हिसाब से मानदेय का भुगतान किया जाना है।

विभाग के आयुक्त डॉ. अशोक भार्गव ने गुरुवार को निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और उप आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय या अतिरिक्त मानदेय दीपावली से पहले भुगतान करने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि अब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पांच हजार रुपए और सहायिकाओं को ढाई हजार रुपए महीने मानदेय दिया जा रहा था।

केंद्र ने मानदेय में की वृद्धि

केंद्र सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय तीन हजार से बढ़ाकर 4500 रुपए किया है। जिन कार्यकर्ताओं का मानदेय 2250 रुपए था, उसे 3500 रुपए कर दिया और सहायिकाओं का 1500 से बढ़ाकर 2250 रुपए किया है। केंद्र ने बढ़ा हुआ मानदेय एक अक्टूबर से लागू किया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply