आंखों में अजीब सा दर्द होने पर अस्पताल पहुंचा मरीज, डॉक्टर ने सर्जरी कर आंख से निकाले 20 जिंदा कीड़े
चीन में एक 60 साल के मरीज की आंख से 20 जीवित कीड़े मिले हैं। दरअसल, उस मरीज का आंखों में जलन या दर्द जैसा कुछ अजीब महसूस हो रहा था। उसे लगता था कि ऐसा थकान के कारण हो रहा होगा, लेकिन इसकी वजह कुछ और ही थी। उसकी आंख में करीब साल भर से ये कीड़े पल रहे थे। कुछ महीने पहले आंखों में अजीब सा महसूस होने पर वह चिकित्सक से मिला, जहां सर्जरी की सलाह दी गई और सर्जरी के दौरान ही उसकी आंख की पलक से कीड़ों का गुच्छा निकाला गया। ये कीड़े जिंदा थे, जिसे देख डॉक्टर भी चौंक गए। आइए जानते हैं, चिकित्सकों को भी चौंका देने वाले इस मामले के बारे में:
eदरअसल, चीनी मीडिया में सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरीज की आंख में करीब 12 महीने से कीड़े पल रहे थे। मरीज को जब आंखों में अजीब सा महसूस हुआ तो वह डॉक्टर के पास पहुंचा। डॉक्टर ने आंखों की जांच के दौरान देखा कि मरीज की दाईं पलक के नीचे कीड़े पल रहे थे। कीड़े गुच्छे के रूप में मौजूद थे।
वैन नाम के इस मरीज को स्पोर्ट्स एक्टविटी का काफी शौक है। सर्जरी कर चिकित्सकों ने कीड़ों को निकाला। चिकित्सकों का कहना है कि जो कीड़े पलकों में मिले, उनमें लार्वा भी मौजूद था। उनका मानना है कि ये कीड़े मरीज की आंखों में आउटडोर वर्कआउट के दौरान पहुंचे। शुरू में उसे हल्की तकलीफ महसूस होती थी, लेकिन तकलीफ बढ़ने के बाद वह पूर्वी चीन के सूझोयू म्यूनिसिपल अस्पताल पहुंचा था।
वैन ने अस्पताल में डॉक्टर को बताया कि उसे पिछले करीब एक साल से आंखों में कुछ अटका हुआ अजीब सा महसूस हो रहा है। मरीज का इलाज करने वाले डॉ. शी टिंग के मुताबिक, मरीज को शायद मक्खियों ने काटा होगा और मक्खियों के जरिए ही ये कीड़े आंखों तक पहुंचे होंगे। चिकित्सक के मुताबिक, मरीज की आंखों में पाए गए कीड़े थेलेजिया कैलीपेडा प्रजाति के हैं, जो आंखों में संक्रमण फैलाने के लिए जाने जाते हैं। आमतौर पर ये परजीवी बिल्लियों और कुत्ते में पाए जाते हैं। फिलहाल मरीज की सर्जरी सफल रही है और कीड़े निकालने के बाद मरीज अब रिकवर हो रहा है।