असम में 11 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा, दिल्ली के स्कूल 31 जुलाई तक बंद रहेंगे
नई दिल्ली. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड में 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। शुक्रवार को राज्य सरकार ने इसका ऐलान किया। राज्य में अब तक 2,261 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, असम ने गुवाहाटी और कामरूप जिलों में 14 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया है। 28 जून की आधी रात से शुरू होकर यह 11 जुलाई तक लागू रहेगा। इस बीच, दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि राजधानी में सभी स्कूल 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। ।
देश में संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख के पार
देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा शुक्रवार को 5 लाख के पार कर गया। अब तक देश में 5 लाख 01 हजार 865 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। संक्रमितों की इतनी संख्या होने में 149 दिन लगे। राहत की बात है कि अन्य देशों के मुकाबले भारत की रफ्तार धीमी है। यहां अब तक 2 लाख 92 हजार 626 मरीज ठीक भी हो चुके हैं जबकि 15,487 लोगों की जान चली गई।

