अवैध वैंडरो का नया कारनामा:शौचालय में रखे चाय के कप, रेल्वे अनजान
खंडवा। ट्रेनों में यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। खुली खाद्य सामग्रियां ट्रेनों में बेचना आम बात हो गई है, अब अवैध वैंडरों ने ट्रेनों के शौचालयों की छत का प्लायवुड तोड़कर उसमें चाय के कप रखने की जगह बना ली है। पाली बदलने पर वेंडर यहां कप रख जाते हैं। दूसरा वेंडर आकर यही कप उठाकर इसमें यात्रियों को चाय दे देता है। वेंडरों की मनमानी और यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ पर रेलवे के अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।
जम्मूतवी से पुणे की ओर जाने वाली झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के शौचालयों की छत में वेंडरों ने छेद कर दिए हैं। यहां वे चाय के कप और खाद्य सामग्री की प्लेट रखते हैं। कई बार यह कप फ्लश पाइप के पास लटकते तो कभी नीचे पड़े हुए भी नजर आ जाते हैं। इसके बाद वेंडर आकर इन्हीं कपों में चाय और प्लेट में खाद्य सामग्री यात्रियों को परोस देते हैं।
अवैध वेंडरों ने बांट रखे हैं रूट
अवैध वेंडरों ने ट्रेनों में रूट बांध रखे हैं। भोपाल से इटारसी, इटारसी से खंडवा और खंडवा से भुसावल के बीच इनकी गैंग सक्रिय है जो अपने अवैध वेंडर ट्रेनों में चलाती हैं। ट्रेन के स्लीपर और एसी कोच में ये वेंडर अवैध रूप से खाद्य और पेय पदार्थ बेचते हैं। यात्रियों को धोखा देने के लिए यह खाकी रंग का हॉफ शर्ट पहन लेते हैं।
चलती ट्रेन से फेंक देते हैं सामान
ट्रेनों में कारोबार करने वाले अवैध वेंडर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के धीमे होते ही प्लेटफॉर्म से पहले सामग्री नीचे फेंक देते हैं। यहां उनके साथ वेंडर यह सामग्री उठा लेते हैं। ट्रेन के स्टेशन से रवाना होते के बाद चलती ट्रेन में यह फिर सामग्री लेकर सवार हो जाते हैं। खंडवा स्टेशन के तीन पुलिया पाथ-वे के पास अधिकांश अवैध वेंडर चलती ट्रेन से सामग्री फेंकते हैं।
बिक रही खुली खाद्य सामग्री
बारिश के दौरान खाद्य सामग्री के आसपास मक्खियां और मच्छर उड़ते रहते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री के दूषित होने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद रेलवे स्टेशन पर खुली रखी खाद्य सामग्री बिक रही है। प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो से दिनभर रेलवे के अधिकारी गुजरते हैं लेकिन इस ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं है।

रेलवे को देना चाहिए ध्यान
झेलम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे अंशुल फड़नवीस ने बताया कि एस-7 कोच के शौचालय में चाय के कप और पेपर प्लेट रखी हुई हैं। वेंटर इसी में यात्रियों को सामग्री परोस देते हैं। इससे संक्रमण का खतरा है। रेलवे के अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। यात्री नितिन गोयल ने बताया कि शौचालय में रखे पेपर कप के संबंध में मैंने पेंट्रीकार के स्टाफ से शिकायत की तो उन्होंने कहा यह सामग्री हमारी नहीं है। ट्रेन में खाद्य सामग्री और वेंडरों के संबंध में शिकायत का कोई नंबर भी नहीं लिखा है। जिस पर शिकायत की जा सके।
स्क्वॉड से कराएंगे जांच
ट्रेनों में अवैध वेंडर और रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच के लिए स्क्वॉड सर्चिंग कर रही है। खंडवा से बुरहानपुर के बीच अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की भी है। स्क्वॉड को निर्देश देंगे कि वे सर्चिंग के दौरान शौचालय की भी जांच करें। इसके साथ ही स्टेशन परिसर के वेंडरों को भी समझाइश दी जाएगी कि वे खाद्य सामग्री ढंक कर रखें। – जीएल मीणा, स्टेशन प्रबंधक, खंडवा

