अल्पकालीन विस्तार के बहाने भाजपा की चुनावी तैयारियां, मूल्यांकन में कटनी नगर मंडल ने मारी बाजी
कटनी । भारतीय जनता पार्टी ने अपने अल्प कालीन विस्तार या फिर स्थापना दिवस तैयारियों के बहाने विधानसभा चुनावों की तैयारियां आरम्भ कर दीं हैं। भले ही पार्टी पदाधिकारी इसे रूटीन बैठक बताएं पर जिस ढंग से मूल्यांकन किया जा रहा है उससे साफ है 2018 को भाजपा काफी गम्भीरता से ले रही है। एक और तथ्य से भी गौर किया जा सकता है कि कटनी के मूल्यांकन की जिम्मेदारी जबलपुर के भाजपा नेताओं को दी गई और जबलपुर का मूल्यांकन कटनी के नेता कर रहे हैं। बहरहाल पिछले 2 दिनों में मंडलों में हुई मूल्यांकन बैठक में कटनी नगर मण्डल को प्रशंसा मिली।
भारतीय जनता पार्टी की जिले भर में 13 मंडलों के कामकाज को लेकर प्रदेश नेतृत्व निर्देश अनुसार और विधानसभा मूल्यांकन प्रभारियों के मार्गदर्शन में बैठकें सम्पन्न हुयी । कटनी मुड़वारा -बड़वारा विधानसभा हेतु प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष दुबे, विजयराघवगढ़ विधानसभा में जे.डी.ए. अध्यक्ष प्रभात साहू, बहोरीबंद विधानसभा में कृष्णशेखर सिंह ने मंडलों की मूल्यांकन बैठके ली।
एक वर्ष के क्रिया कलाप पर नजर
इस दौरान मूल्यांकन करते हुए मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से पिछले एक वर्ष में आयोजित पार्टी के कार्यक्रमों की विस्तृत पड़ताल करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई। सभी मंडलों के बैठक रजिस्टर,बूथ समितियां एवं अन्य प्रमुख कार्य जो पार्टी द्वारा किये गये उनका ब्यौरा,फोटोग्राफ लिये भी लिये।
इस दौरान मूल्यांकन प्रभारियों ने कहा कि पंचायत पार्लियामेंट तक कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता जर्नादन के आर्शीवाद से पार्टी पहुॅची है।
सरकार और कार्यकर्ता देश और समाज के सर्वागीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे है,थोड़ा और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है । जिला, मंडल, ग्राम केन्द्र/नगर केन्द्र और बूथ में जीवंत संवाद रहे, जिससे हमारी केन्द्र और राज्य सरकारों के निर्णय तीव्रगति से समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति तक पहुॅच सके। बैठकों में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल पदाधिकारी,मोर्चे के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे ।
कटनी नगर मंडल अव्वल
मुड़वारा विधानसभा के कटनी नगर मंडल अध्यक्ष रामरतन पायल और पदाधिकारियों ने बैठक मूल्यांकन प्रभारी आशीष दुबे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, विधायक संदीप जायसवाल, जिला महामंत्री हरिशंकर गर्ग ने समक्ष चाही गयी जानकारियों का बिन्दुवार प्रस्तुतीकरण कर मूल्यांकनकर्ताओं की वाहवाही लूटी । यहां पार्टी द्वारा तय किये गये कार्यक्रमों में उपस्थित और तैयारी संबंधी जानकारी पुख्ता पायी गयी । मूल्यांकन प्रभारी आशीष दुबे ने प्रशंसा करते हुए कहा कि जो पदाधिकारीगण बिना जानकारी दिये अनुपस्थित है, उनकी अनुपस्थिती का कारण बताएं।











