Latestअंतराष्ट्रीय

अमेरिका में जो बाइडेन का शपथ ग्रहण आज:35 शब्दों में US प्रेसिडेंट पोस्ट की शपथ लेंगे निर्वाचित राष्ट्रपति

वाशिंगटन। अमेरिका को आज 46वां राष्ट्रपति मिल जाएगा। डेमोक्रेट जोसेफ आर बाइडेन जूनियर यानी जो बाइडेन (78) अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम कैपिटल हिल यानी अमेरिकी संसद में बुधवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे) होगा। बाइडेन सिर्फ 35 शब्दों में पद की शपथ लेंगे। समारोह इस बार हमेशा की तरह भव्य नहीं होगा। कोरोनावायरस की वजह से भीड़ नहीं जुटेगी। इस बार एक हजार से 1200 लोग ही शपथ ग्रहण में हिस्सा ले पाएंगे। सभी मेहमानों के लिए सख्त हेल्थ प्रोटोकॉल रहेगा।

यह पहली बार होगा कि अमेरिका में राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अमेरिकियों से ही खतरा महसूस किया जा रहा है। 7 जनवरी को इलेक्टोरल वोट की काउंटिंग के दौरान कैपिटल हिल्स के अंदर और बाहर हिंसा हुई थी। उस वक्त ट्रम्प समर्थकों ने अमेरिकी संसद के अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की थी। लिहाजा अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां ज्यादा ऐहतियात बरत रही हैं।

कौन दिलाएगा शपथ?
चीफ जस्टिस जॉन जी रॉबर्ट जूनियर कैपिटल हिल्स के वेस्ट फ्रंट पर बाइडेन को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद राष्ट्रपति बाइडेन ‘इनॉगरल स्पीच’ देंगे। इसमें अमेरिकी मतदाताओं का शुक्रिया अदा करेंगे। स्पीच के बाद सैन्य टुकड़ी की समीक्षा करेंगे।
सिंगर लेडी गागा नेशनल एंथम गाएंगी। इवेंट में जेनिफर लोपेज की भी म्यूजिकल परफॉर्मेंस होगी। इसके बाद बाइडेन और वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस ‘प्रेसिडेंट एस्कॉर्ट’ में कैपिटल हिल से व्हाइट हाउस जाएंगे। आमतौर पर करीब 3 लाख लोग सड़क के दोनों ओर खड़े होकर इसे देखते हैं। इस बार ऐसा नहीं होगा।

खास गेस्ट कौन होंगे?
डोनाल्ड ट्रम्प तो सेरेमनी में शामिल नहीं हो रहे हैं। उनकी जगह उपराष्ट्रपति माइक पेंस शिरकत करेंगे। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा भी आ रहे हैं। वॉशिंगटन के एक थिंकटैंक ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूट के फैलो एलेन कामार्क का कहना है कि पेंस का आना सबसे अहमियत रखता है। पेंस लोगों को ये समझाना चाहते हैं कि सिर्फ रिपब्लिकन पार्टी ट्रम्प के दायरे में सिमटी नहीं है।

Back to top button