Sunday, April 19, 2026
Latest:
FEATUREDराष्ट्रीय

अब विनीता नंदा ने फोड़ा #MeToo बम, लिखी ऐसी चिट्ठी

मुंबई। ‘मीटू’ कैंपेन एक बार फिर बम बनकर फूटा है। तनुश्री दत्ता-नाना पाटेकर का विवाद अभी चल ही रहा है कि टेलीविजन राइटर, डायरेक्टर और प्रॉड्यूसर विनीता नंंदा की लिखी एक चिट्ठी ने हड़कंप मचा दिया है। विनीता नंदा ने फेसबुक पर लिखा है कि किस तरह ‘तारा’ सीरियल में काम करते समय सीरियल के एक लीड एक्टर ने उनके साथ सेट पर और अन्य जगहों पर बुरी हरकतें की। विनीता ने नाम नहीं लिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर चर्चा है कि वह अभिनेता आलोक नाथ हैं। आलोक नाथ की ओर से अभी कोई सफाई नहीं आई है।

फेसबुक पर लिखी विनीता की चिट्ठी की खास बातें

उनकी पत्नी मेरी पक्की दोस्त थी। हमारा एक दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था। हम दोस्तों का यह ऐसा ग्रुप था, जो अधिकांश थिएटर से आए थे और 1990 के दौरान आई टेलीविजन क्रांति के दौरान हमारी प्रतिभा सबके सामने आने लगी थी। तब मैं ‘तारा’ सीरियल की प्रॉड्यूसर और राइटर थी, जो उस समय का नंबर 1 सीरियल था। वह शख्स सीरियल की लीड एक्ट्रेस के पीछे पड़ा था, लेकिन वो उसे तवज्जो नहीं दे रही थी। वो शराबी और बेशर्म इन्सान था, लेकिन तब टेलीविजन स्टार भी था। पीड़ित एक्ट्रेस ने मुझसे शिकायत की तो हमने तय किया कि इससे मुक्ति पाई जाए। फैसला हुआ कि एक आखिरी सीन शूट करेंगे और फिर उस शख्स को अलविदा कह देंगे।

उसको कहीं से हमारी यह योजना पता चल गई और उस शूट वाले दिन शराब पीकर सेट पर आ गया। जब तक शूट के लिए उसे बुलाया न गया, वो पीता रहा। कैमरे के सामने भी उसने एक्ट्रेस के साथ हरकत शुरू की तो उसने उसे थप्पड़ जड़ दिया। हमने उसे तत्काल सेट पर से जाने को कह दिया। इसके बाद हमने उसके बगैर ही सीरियल चलाया।

हालांकि शो की रेटिंग घट गई। चैनल का मैनेजमेंट बदला तो लीड एक्ट्रेस को बदलने की मांग उठने लगी। हमने कहा, अभी ऐसा नहीं कर सकते तो मैनेजमेंट ने पूरी कहानी ही बदलने की मांग रख दी। इसके बाद बात बिगड़ती चली गई। एक दिन नवनियुक्त सीईओ ने मुझे बुलाया और कहा कि ‘तारा’ समेत चारों शो बंद कर दिए जाएं, जिनमें हम काम कर रहे थे। सीईओ ने मेरे साथ बुरा बर्ताव किया और कहा कि मुझ जैसे महिला को देश से बाहर फेंक देना चाहिए। चारों शो तत्काल प्रभाव से बंद हो गए और मेरी प्रॉडक्शन कंपनी भी बंद हो गई।

(‘तारा’ सीरियल का एक सीन)

…लेकिन इससे भी बुरा तो अब होना था। एक दिन उस शख्स के घर पार्टी पर मुझे बुलाया गया। उसकी पत्नी और मेरी बेस्ट फ्रैंड तब शहर से बाहर थी। हमारे ग्रुप के लिए यह कोई नई बात नहीं थी। हम सब पहले भी इसी तरह मिलते रहे। पार्टी में किसी ने मेरे ड्रिंक्स में कुछ मिला दिया और मुझे अजीब लगने लगा। रात 2 बजे मैं अपने घर के लिए निकली। तब कोई मुझे यह कहने नहीं आया कि घर तक छोड़ दूं। यह भी मुझे अजीब लगा। तब मैं होश में नहीं थी और मुझे बस अपने घर जाना था। मेरा घर दूर था, लेकिन मैं सुनसान सड़क पर अकेले चली जा रही थी। तभी रास्ते में वह शख्स मिला। वह अपनी कार चला रहा था। उसने मुझे घर छोड़ने को कहा। मैंने भरोसा किया और बैठ गई। इसके बाद क्या हुआ मुझे नहीं पता। बस इतना याद है कि मेरे मुंह में शराब उड़ेली जा रही थी। अगले दिन दोपहर को मैं उठी तो बहुत दर्द हो रहा था। मेरे साथ बुरी तरह रेप किया गया था। मैंने अपने दोस्तों से कहा तो उन्होंने पूरी बात भूल जाने की सलाह दी।

मेरी कंपनी बंद हो चुकी थी, लेकिन मुझे प्लस चैनल के लिए शो लिखने और डायरेक्ट करने की नौकरी मिल गई। वही शख्स यहां भी आ गया और लीड रोल करने लगा। उसने ऐसा माहौल बनाया जहां मैं डर महसूस करने लगी। मैं वहां नहीं रहना चाहती थी, इसलिए मैंने अपने प्रॉड्यूसर्स से कहा कि मुझे उस सीरीज के डायरेक्शन से अलग कर दिया जाए। इसके बाद मैं सिर्फ शो की स्क्रीप्ट लिखने तक सीमित रही।

अब सबसे मुश्किल बात कि आखिर मैं इस समय यह बात क्यों लिख रही हूं। दरअसल, उस घटनाक्रम के बाद मैं आर्थिक रूप से टूट गई थी। उसने एक बार फिर मुझे अ पने घर बुलाया और मैं गई, क्योंकि मुझे जॉब की जरूरत थी। मैं जिंदगी में साहस भी दिखाना चाहती थी। लेकिन 20 साल बाद अब सब ठीक है। मैं अभी अपनी कहानी कह रही हूं, क्योंकि मैं नहीं चाहती कि कोई लड़की अपना दर्द सीने में दबाकर बैठी रहे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply