Sunday, April 19, 2026
Latest:
Latest

अफगानिस्तान से हिंदुओं-सिखों को वापस लाने के लिए वीजा जारी होगा

अफगानिस्तान से हिंदुओं और सिखों को वापस लाने के लिए वीजा जारी किया जाएगा। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने अफगानिस्तान व पाकिस्तान मामलों के संयुक्त सचिव जेपी सिंह से मुलाकात के बाद यह बात बताई।

रविवार को प्रबंधक कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्रालय पहुंचकर संयुक्त सचिव जेपी सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अफगानिस्तान में शेष रह रहे हिंदू व सिख परिवारों को भारत लाने का मामला उठाया,।

जिसके जवाब में मंत्रालय ने कहा कि इस वक्त बनाई गई करीब 600 लोगों की सूची के अनुसार लंबे समय के लिए वीजा एक सप्ताह में जारी किया जा रहा है। इसके बाद जितने भी हिंदू या सिख परिवार भारत के वीजा के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें वीजा जारी किया जाएगा। अफगानिस्तान में रहने वाले बाकी सभी हिंदू व सिख परिवारों को भारत लाऐंगे।

मुलाकात के बाद सिरसा ने बताया कि इस सहयोग के लिए भारत सरकार और विशेष तौर पर केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल का धन्यवाद करते हैं। पाकिस्तान के लाहौर में भाई तारू सिंह के शहीदी स्थल पर गुरुद्वारा साहिब की इमारत को मस्जिद में तबदील करने का मामला भी उठाया गया, जिसके जवाब में मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि यह मामला तुरंत पाकिस्तान सरकार के समक्ष उठाया जाएगा और सुनिश्चित किया जाएगा कि भाई तारू सिंह के शहीदी स्थल पर स्थित गुरुद्वारा साहिब को कोई नुकसान नहीं पहुंचे।

विदेश मंत्रालय ने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में अन्य गुरुधामों पर किसी भी हमले के खतरे को रोकने के लिए पाकिस्तान सरकार को कहा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में कमेटी सदस्य परमजीत सिंह चंडोक, हरविंदर सिंह केपी, जसमेन सिंह नोनी व गुरुदेव सिंह भोला शामिल थे।

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम