Latest

अच्छी खबर : कटनी में आज मिले 101 नए पॉजीटिव, 722 सेम्पल की रिपोर्ट में 13 प्रतिशत रही संक्रमण की दर

कटनी। कई दिनों बाद आज जिले के लिए अच्छी खबर आई है। पिछले 24 घंटे में 722 लोगों की जांच में 101 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

बता दें कि संक्रमण बढऩे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी सेम्पलिंग बढ़ा दी थी और पिछले कुछ दिनों से हर दिन 700 से 800 लोगों की जांच की जा रही थी।

सेम्पलिंग बढऩे के बाद भी संक्रमण की दर पहले 20 प्रतिशत और अब 15 प्रतिशत से नीचे आ गई है।

इस खबर से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है, हालांकि कटनी में अभी भी अधिकांश लोग कोरोना के लक्षण होने के बाद सीधे निजी चिकित्सालयों में भर्ती हो रहे हैं और अन्य जांच व सीटी स्केन की रिपोर्ट के आधार पर निजी चिकित्सालयों में उनका उपचार हो रहा है।

ऐसे लोगों का रिकार्ड स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। सीएमएचओ डॉ. प्रदीप मुढिय़ा का कहना है कि पॉजीटिविटी रेट पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम हुआ है।

लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण चिंता का विषय है। यहां संक्रमण पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव-गांव टीमें घूमकर लोगों की सेम्पलिंग कर रही है। इसके अलावा प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बसाड़ी और कन्हवारा में भी लोगों की कोरोना जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 722 सेम्पल की रिपोर्ट में 101 नए मरीज मिले हैं, जिसमे मेडिकल कॉलेज जबलपुर से मिली 427 सेम्पल की रिपोर्ट में 56 और रेपिड एंटीजन टेस्ट की 295 सेम्पल की रिपोर्ट में 45 नए पॉजीटिव केस मिले हैं। इस तरह आज संक्रमण की दर 13 प्रतिशत के आसपास रही।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम