अगले महीने से आप भी ले सकेंगे इलेक्ट्रिक बसों में सफर का लुत्फ

इंदौर : शहरवासी अगले महीने तक इलेक्ट्रिक बसों में सफर का लुत्फ ले सकेंगे। सितंबर में पहले हफ्ते तक इंदौर में चलने वाली बस का प्रोटोटाइप मॉडल टाटा कंपनी तैयार कर लेगी। इसके निरीक्षण के लिए AICTSL की टीम धारवाड़ (कर्नाटक) जाएगी। इसके बाद सितंबर महीने के अंत तक शहर में प्रथम चरण के तहत 10 इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने की संभावना है। इंदौर में 40 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। एक बस की कीमत 87 लाख है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बस चलाने पर करीब 34 करोड़ 80 लाख रुपए खर्च होंगे।
एक बार चार्ज होने पर 150 किलोमीटर तक चलेगी
टाटा कंपनी कर्नाटक के धारवाड़ जिले में इंदौर में चलने वाली इलेक्ट्रिक बस का मॉडल तैयार कर रही है। यह बस एक बार में चार्ज होने पर 150 किलोमीटर तक चलेगी। अभी सामान्य सिटी बस जो डीजल से चलती है, उस पर पर एक दिन में करीब 30 से 35 लीटर डीजल खर्च होता है, जिसकी कीमत ढाई से तीन हजार रुपए होती है। अभी इलेक्ट्रिक बस को एक दिन में चार्ज होने पर 10 से 15 यूनिट बिजली खर्च होगी। इस तरह ये इलेक्ट्रिक बस को एक दिन चार्ज करने का खर्च 300 से 400 रुपए आएगा।

