अंधविश्वास के चलते पति ने अपनी पत्नी का सिर काटकर कुलदेवी को चढ़ा दिया

रीवा। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अंधविश्वास के चलते पति ने अपनी पत्नी का सिर काटकर कुलदेवी को चढ़ा दिया।
पुलिस के मुताबिक सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के बसौड़ा गांव में ब्रजेश केवट (42) ने बुधवार रात करीब 12.30 बजे अपनी पत्नी बिट्टी केवट (39) की गला काट कर हत्या कर दी और फरार हो गया।
सूचना मिलते ही एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपित अभी फरार बताया जा रहा है।
हत्या के एक दिन पूर्व महिला ने अपने बच्चों के साथ सासन पुलिस चौकी जाकर बताया था कि उसका पति हत्या करने की मंशा रखता है।
पुलिस ने तहरीर लेने के बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिससे यह जघन्य घटना घटित हुई।
पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी
मृतका के बेटे सुरेश (11) ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच घटना वाली रात विवाद हुआ था।
पूछताछ से पता चला कि उसके पिता ने ही उसकी मां की हत्या की है। घटनास्थल पर मृतका का कटा हुआ सिर धड़ से अलग मिट्टी के नीचे दबा था।
वहीं धड़ के आसपास पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी। बताया गया है कि अंधविश्वास के शिकार ब्रजेश ने कुलदेवी को प्रसन्न करने के लिए अपनी ही पत्नी का गला काटकर चढ़ा दिया।








