शासकीय कन्या महाविद्यालय में युवा उत्सव का शुभारंभ, छात्राओं ने दिखाई कला और रचनात्मकता की प्रतिभ
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में अंतर कक्षा महाविद्यालयीन युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 3 से 5 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय युवा उत्सव के अंतर्गत रूपांकन, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विधाओं से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक कौशल एवं सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से छात्राओं में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
युवा उत्सव के प्रथम दिवस रूपांकन विधा के अंतर्गत क्ले मॉडलिंग, पोस्टर निर्माण, कार्टूनिंग, कोलाज, स्पॉट पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रतियोगिता में सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर संदेशपरक चित्र बनाए गए, वहीं कार्टूनिंग में हास्य-व्यंग्य के माध्यम से विभिन्न विषयों को प्रस्तुत किया गया। क्ले मॉडलिंग में मिट्टी से आकर्षक आकृतियां बनाई गईं, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं की रंग-बिरंगी कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

