चलती ट्रेन में महिला को हुई प्रसव पीड़ा, जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गूंजी लाडली की किलकारी; मां-बेटी दोनों स्वस्थ
जबलपुर। उधना-हसनपुर स्पेशल ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। समय पर सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और मेडिकल टीम की तत्परता से जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है।
इटारसी के बाद बिगड़ी तबीयत, जबलपुर में मिली मदद
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री उधना से मुजफ्फरपुर की यात्रा कर रही थी। ट्रेन के इटारसी स्टेशन से आगे बढ़ने के बाद महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों और सहयात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही जबलपुर स्टेशन प्रशासन अलर्ट हो गया।
प्लेटफॉर्म पर ही कराया गया सुरक्षित प्रसव
ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही पहले से तैयार रेलवे डॉक्टरों की टीम, आरपीएफ (RPF) और स्टेशन स्टाफ ने महिला को संभाला। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल ले जाने के बजाय स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही पर्दे आदि की व्यवस्था कर सुरक्षित प्रसव कराया गया। चलती ट्रेन में महिला को हुई प्रसव पीड़ा, जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गूंजी लाडली की किलकारी; मां-बेटी दोनों स्वस्थ
चिकित्सकों की सलाह के बाद आगे की यात्रा के लिए रवाना
प्रसव के बाद रेलवे चिकित्सकों ने मां और नवजात शिशु का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। हालांकि डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर परिजनों ने आगे की यात्रा जारी रखने का फैसला किया। इसके बाद रेलवे स्टाफ की देखरेख में उन्हें गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।












