युवाओं की सहभागिता से सामाजिक-राष्ट्रीय चेतना का सशक्त अभियान बना ‘रन फॉर स्वदेशी,75 शिक्षण संस्थानों के 15 हजार से अधिक विद्यार्थी जुड़े, अवधि 23 जनवरी तक बढ़ी

युवाओं की सहभागिता से सामाजिक-राष्ट्रीय चेतना का सशक्त अभियान बना ‘रन फॉर स्वदेशी,75 शिक्षण संस्थानों के 15 हजार से अधिक विद्यार्थी जुड़े, अवधि 23 जनवरी तक बढ़
कटनी-स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित “Run for Swadeshi” कार्यक्रम जिले में युवाओं की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना के निर्माण का प्रभावशाली अभियान बनकर उभरा है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती से हुई थी, जो निरंतर व्यापक समर्थन के साथ आगे बढ़ रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत अब तक जिले के 75 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 15,000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की है, जिससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी, आर्थिक जागरूकता एवं स्वदेशी सोच को बल मिला है।
स्वदेशी जागरण मंच की विभाग महिला प्रमुख वंदना गेलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन शिक्षण संस्थानों द्वारा 12 जनवरी को Run for Swadeshi कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सका था, उनके लिए इसकी अवधि 23 जनवरी 2026 तक बढ़ा दी गई है, ताकि शेष विद्यालय एवं महाविद्यालय भी इस अभियान में सहभागी बनकर अपना कार्यक्रम पूर्ण कर सकें। उन्होंने बताया कि Run for Swadeshi का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण की सक्रिय भूमिका से जोड़ना है। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, स्वावलंबन, आत्मनिर्भर भारत की भावना, तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रसार हो रहा है।
युवाओं की इस सहभागिता से यह स्पष्ट हो रहा है कि जब युवा वर्ग किसी विचार से जुड़ता है, तो वह समाज और राष्ट्र दोनों की दिशा तय करने की क्षमता रखता है। Run for Swadeshi कार्यक्रम इसी सोच को मजबूत करते हुए युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाने का कार्य कर रहा है।
वंदना गेलानी ने जिले के *समस्त शेष विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथि 23 जनवरी*तक *“Run for Swadeshi”* कार्यक्रम का आयोजन कर इस जनजागरण अभियान को और अधिक व्यापक बनाएं तथा स्वदेशी, स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।








