बारिश में बढ़ा जलस्तर, सुरक्षा को लेकर निगम प्रशासन अलर्ट,घाटों पर कराई गई बैरिकेडिंग, पुलियों-नालों और रपटों से दूर रहने की निगमायुक्त ने की अपील

बारिश में बढ़ा जलस्तर, सुरक्षा को लेकर निगम प्रशासन अलर्ट,घाटों पर कराई गई बैरिकेडिंग, पुलियों-नालों और रपटों से दूर रहने की निगमायुक्त ने की अपी
कटनी। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर से होकर गुजरने वाली नदी एवं नालों में जलस्तर बढ़ गया है। बारिश के दौरान बढ़ते जलप्रवाह और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए मोहन घाट, मसूरहा घाट एवं कटाए घाट में बैरिकेडिंग की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बैरिकेडिंग पार कर घाटों अथवा नदी-नालों के समीप जाने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पुलियों, नालों और रपटों को पार करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। नागरिक जलस्तर सामान्य होने तक ऐसे स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को भी नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान थोड़ी सी असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और जलस्तर कम होने तक जोखिम वाले स्थानों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।








