ग्राम पंचायत कंहवारा के छैघरा में सडक़ निर्माण में अनियमितता की शिकायत सीईओ से, वार्डवासियों ने सचिव पर लगाए धांधली के आरोप
ग्राम पंचायत कंहवारा के छैघरा में सडक़ निर्माण में अनियमितता की शिकायत सीईओ से, वार्डवासियों ने सचिव पर लगाए धांधली के आरोप
कटनी(YASHBHARAT.COM)। जनपद पंचायत कटनी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कंहवारा के वार्ड क्रमांक-6 छैघरा में सडक़ निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत क्षेत्रवासियों के द्धारा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से की गई। शिकायत की प्रति मीडिया को उपलब्ध कराते हुए क्षेत्रवासियों ने बताया कि जपनद पंचायत कटनी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कन्हवारा के वार्ड क्रमांक-6 (छैघरा) में कुछ समय पूर्व लगभग आधा किलोमीटर सीसी रोड निर्माण हेतु रेत एवं गिट्टी डाली गई थी। इसके बाद आंशिक रुप से सडक़ पर रेत और गिट्टी बिछाई भी गई थी। यह कार्य लगभग आज 1 वर्ष पूर्व प्रारम्भ हुआ था। इसके बाद पंचायत सचिव के द्धारा सडक़ का निर्माण आधे अधूरे में भी बंद करा दिया गया। जिसके कारण वार्ड वासियों का इस बरसात के मौसम में आवागमन करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत सचिव के बात करने पर आज कल करके टरकाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि छैघरा में सीसी रोड निर्माण के लिये जितनी रेत व गिट्टी गिराई गई थी, उसमें से लगभग 100 फुट बिछाई गई है तथा बाकी सामान रोड में ही काफी समय तक पड़ा रहा और अब पंचायत सचिव के द्धारा छैघरा में आधा अधूरा सडक़ का निर्माण करने के बाद शेष रेत, गिट्टी व सीमेंट का उपयोग पंचायत में ही दूसरी जगह ले जाया जा रहा है। वार्ड वासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि आज से लगभग 6 वर्ष पूर्व इसी वार्ड में नाली का निर्माण भी कराया गया था। इसके बावजूद यहां पुन: नाली निर्माण की स्वीकृति दर्शाकर शासकीय राशि का दुरूपयोग किया जा रहा है। यहां तक की वार्ड पंच के द्धारा निर्माण कार्य की डिटेल मांगने पर भी सचिव द्धारा नहीं दी जा रही है। वार्ड वासियों ने जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से वार्ड में किए जा रहे निर्माण कार्य की जांच कराकर सचिव के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।








