katniमध्यप्रदेश

विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुआ वृक्षारोपण अभियान चेतनोदय तीर्थ में संपन्न,दिगंबर जैन सोशल ग्रुप (मेन्स) ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प, एक माह में लगाए लगभग 100 पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुआ वृक्षारोपण अभियान चेतनोदय तीर्थ में संपन्न,दिगंबर जैन सोशल ग्रुप (मेन्स) ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प, एक माह में लगाए लगभग 100 पौध

कटनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रारंभ हुए राष्ट्रीय पर्यावरण एवं वृक्षारोपण संरक्षण अभियान का समापन शनिवार को चेतनोदय तीर्थ एवं गौशाला परिसर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ हुआ। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय आह्वान पर 5 जून से 5 जुलाई 2026 तक चले इस अभियान के अंतर्गत दिगंबर जैन सोशल ग्रुप (मेन्स) कटनी द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 100 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

समापन अवसर पर चेतनोदय तीर्थ में वृक्षारोपण के साथ गेट-टू-गेदर, भुट्टा पार्टी तथा 48 दीपों की श्रृंखला के बीच भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न मनोरंजक खेलों के माध्यम से हरित भारत, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया गया। ग्रुप के सभी दंपति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।

कार्यक्रम का संचालन ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष संजय मीनू सिंघई ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष सुधीर जैन, कोषाध्यक्ष बृजेश जैन, उपाध्यक्ष आदेश जैन, पूर्व विधायक सुकीर्ति जैन, दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष संजय जैन, शिक्षा संस्था के अध्यक्ष आशीष जैन, मध्य रीजन के उपाध्यक्ष मगन जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

समापन समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने “प्रकृति की सेवा ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है” का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को निरंतर जागरूक करने का संकल्प दोहराया।

Back to top button