खिलचीपुर में दर्दनाक घटना: NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने ‘आई एम सॉरी’ लिखकर दी जान। मध्य प्रदेश के खिलचीपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र शिवम शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने दीवार पर लिखा—“आई एम सॉरी… लव यू मम्मी-पापा”, जिसे देखकर परिजन सदमे में हैं।
खिलचीपुर में दर्दनाक घटना: NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने ‘आई एम सॉरी’ लिखकर दी जान
जानकारी के अनुसार, शिवम अपने पिता मनीष शर्मा के साथ रहता था, जो पेशे से शिक्षक हैं। परिवार में दादा-दादी, माता-पिता और एक बड़ी बहन भी हैं। शिवम घर का इकलौता बेटा था और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था।
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पिता मनीष शर्मा बेटे को जगाने उसके कमरे में पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा धक्का देकर खोला। कमरे का दृश्य देखकर पिता के होश उड़ गए—शिवम छत में लगी कुंडी से सफेद रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

