Tokyo Olympic 2020; कोरोना वायरस के चलते टला टोक्यो ओलिंपिक, अब 2021 में
टोक्यो. जिसका डर था आखिरकार वही हुआ. कोरोना वायरस के चलते टोक्यो में होने वाले ओलिंपिक खेल टल गए हैं. ओलिंपिक खेल को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है. अब टोक्यो में ओलिंपिक खेलों का आयोजन 2021 में होगा.
ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी महामारी के चलते ओलिंपिक खेल समय पर नहीं हो पा रहे हैं. इससे पहले ओलिंपिक खेल तीन बार रद्द भी हो चुके हैं. पहली बार 1916 में प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ओलिंपिक को रद्द करना पड़ा था. इसके बाद 1940 और 1944 के दौरान द्वितीय विश्व युद्ध की वजह से ओलिंपिंक खेल नहीं हो पाए थे.
कोरोना वायरस बना ओलिंपिक स्थगित होने की वजह
बता दें काफी समय से कोरोना वायरस टोक्यो ओलिंपिक पर खतरे की तरह मंडरा रहा था लेकिन जापान की ओलिंपिक कमेटी और इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी समय पर ही खेलों का आयोजन करने की बात कह रही थी लेकिन कोरोना वायरस का विकराल रूप देख अब इन खेलों को स्थगित करने का फैसला करना पड़ा.
बता दें कोरोना वायरस को देखते हुए पहले ही कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े देशों ने ओलिंपिक से नाम वापस ले लिया था. वहीं खेलों के कई बड़े संघ पहले ही ओलिंपिक को स्थगित करने की मांग कर रहे थे.
बता दें दुनियाभर में कोरोना वायरस की चपेट में 3.70 लाख से भी ज्यादा लोग आ चुके हैं. जबकि 16 हजार लोगों ने अपनी जान गंवा दी है. जापान में भी 1700 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं
जिसमें ओलिंपिक कमेटी के अधिकारी भी शामिल हैं. लगातार ऐसी बातें हो रहीं थी कि ओलिंपिक को समय पर शुरू कराया जाएगा हालांकि ऐसा हो नहीं पाया. अब 26 जुलाई से शुरू होने वाले ओलिंपिक अगले साल होंगे, तारीख क्या होगी इसका जल्द ही पता चलेगा.