तिलक महाविद्यालय में तीन दिवसीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन,विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे सहभागित
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में 19 से 21 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार बाजपेई की अध्यक्षता तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस साहित्यिक विधाओं के अंतर्गत भाषण, वाद-विवाद एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दूसरे दिन रूपांकन विधाओं में रंगोली, पोस्टर पेंटिंग, कोलाज, क्ले मॉडलिंग एवं कार्टूनिंग जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वहीं तीसरे दिन सांस्कृतिक एवं अभिनय विधाओं के अंतर्गत एकल गायन, समूह गायन, शास्त्रीय भारतीय एवं पाश्चात्य गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, माइम, स्किट एवं नाट्य प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों को व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
आयोजन में सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. विनय बाजपेई, प्रो. जी.एम. मुस्तफा, डॉ. अनिल तौहेल, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. सुचि सिंह, डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. अंकिता खंडेलवाल, डॉ. अपेक्षा मिश्रा एवं डॉ. शैलजा कटारे सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों का सराहनीय सहयोग रहा।
प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागी आगामी 2, 3, 4 एवं 5 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों, समिति सदस्यों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।












