केक काटने के बाद पसरा सन्नाटा: मैहर हाईवे पर काल बनी रफ्तार, पूर्व विधायक के परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं
केक काटने के बाद पसरा सन्नाटा: मैहर हाईवे पर काल बनी रफ्तार, पूर्व विधायक के परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं

केक काटने के बाद पसरा सन्नाटा: मैहर हाईवे पर काल बनी रफ्तार, पूर्व विधायक के परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं
मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर सोमवार देर रात एक ऐसा हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे विंध्य क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। नादन थाना क्षेत्र के ग्राम रीघरा के पास रात करीब एक बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार से जुड़े हुए थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जन्मदिन मनाकर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक का परिवार एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। खुशियों के माहौल के बाद देर रात करीब 1:00 बजे जब सभी लोग कार से वापस घर लौट रहे थे, तभी ग्राम रीघरा के पास उनका वाहन भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार पांच सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिस घर में कुछ घंटों पहले तक जश्न का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची है।
मृतकों की हुई पहचान, पूर्व मंत्री पहुंचे अस्पताल
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल तथा एक अन्य परिजन के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल समेत कई राजनेता और भारी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
पूरे तनाजा गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असामयिक और दर्दनाक मौत से उनके गृह ग्राम तनाजा सहित पूरे मैहर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। गांव की हर आंख नम है और लोग इस अनहोनी से स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायल युवक को गाड़ी को काटकर बाहर निकाला गया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में भी शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नादन थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के असल कारणों (ओवरस्पीडिंग या नींद की झपकी) की गहनता से जांच की जा रही है।








