दिनदहाड़े करीब 10 लाख की चोरी, आखिर बेखौफ कैसे हुए चोर?,कोतवाली थाना क्षेत्र के निमिया मोहल्ला में वारदात, कन्या भोज के बाद जालपा मढ़िया दर्शन करने गए थे गृहस्वामी; लौटे तो टूटे मिले घर और अलमारियों के ताले, CCTV में संदिग्धों की मौजूदगी आने की जानकार
कटनी। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत निमिया मोहल्ला में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। दोपहर करीब 12:30 से 1:30 बजे के बीच हुई चोरी की इस वारदात में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घर के मुख्य द्वार से लेकर अंदर के कमरों और अलमारियों तक के ताले टूटे मिले, जबकि सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दे दिया?
कन्या भोज के बाद दर्शन करने गए थे गृहस्वामी
जानकारी के अनुसार, निमिया मोहल्ला निवासी रत्नेश कुमार नेमा के घर सोमवार को कन्या भोज का आयोजन किया गया था। इसके बाद वे दोपहर करीब 12:15 बजे जालपा मढ़िया में प्रसाद चढ़ाने और दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि जब वे दोपहर करीब 1:30 बजे वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
मकान के मुख्य दरवाजे सहित अंदर के कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी गायब थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, चोरी गए सामान और वास्तविक नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डायल 112 को दी सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना का पता चलते ही गृहस्वामी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच-पड़ताल शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी सामने आने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घटना को अंजाम देने की नीयत से मकान के आसपास नजर आ रहे हैं। इनकी गतिविधियों और पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान करने, वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचने और चोरी गए जेवरात व नकदी बरामद करने की चुनौती है।
दिनदहाड़े चोरी, आखिर कितनी सुरक्षित हैं शहर की कॉलोनियां
इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोपहर के समय, जब लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त रहते हैं, तब किसी रिहायशी इलाके में घर के ताले तोड़कर लाखों की चोरी हो जाना चिंता का विषय है। महज एक घंटे से कुछ अधिक समय के लिए घर से बाहर गए परिवार को इतनी बड़ी वारदात का सामना करना पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चोरों ने पहले मकान की रेकी की थी क्या उन्हें गृहस्वामी के घर से निकलने की जानकारी थी क्या आसपास संदिग्धों की गतिविधियों पर किसी की नजर नहीं पड़ी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
निमिया मोहल्ला की इस वारदात ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान और चोरी की वारदात का खुलासा करना पुलिस के लिए अहम होगा। दिनदहाड़े हुई इस चोरी का जल्द खुलासा ही न केवल पीड़ित परिवार को राहत देगा, बल्कि शहरवासियों के मन में सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब भी बन सकता है।











