katniमध्यप्रदेश

घर में चोरी का खुलासा: महिला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बरामद

घर में चोरी का खुलासा: महिला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बराम

 

कटनी- जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने घर में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम ढीमरखेड़ा निवासी मनीषा कोल ने 4 अगस्त को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 435/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) एवं 305(ए) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान फरियादिया ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन ग्राम पहरुआ निवासी मलिका उर्फ शीतल कोल उसके घर आई थी, जिस पर उसे संदेह था। पुलिस ने संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, आरक्षक पंकज सिंह एवं गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button