राहगीरी डे’ में दिखा जज्बा, फिटनेस और स्वच्छता के संकल्प से गूंजी डन कॉलोनी की सड़कें,हजारों कदम एक साथ चले, एक सुर में बोला कटनी – स्वच्छ रखेंगे’ -‘स्वस्थ रहेंगे,जन-भागीदारी ने रचा इतिहास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति का लिया संकल्प

‘राहगीरी डे’ में दिखा जज्बा, फिटनेस और स्वच्छता के संकल्प से गूंजी डन कॉलोनी की सड़कें,हजारों कदम एक साथ चले, एक सुर में बोला कटनी – स्वच्छ रखेंगे’ -‘स्वस्थ रहेंगे,जन-भागीदारी ने रचा इतिहास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति का लिया संकल्

कटनी- रविवार की सुबह डन कॉलोनी की सड़कें जब वाहनों से मुक्त हुईं तो वहां सिर्फ इंसान नहीं उतरे, उतरा पूरे शहर का जज्बा। मौका था नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 के आठवें संस्करण का, जिसने स्वच्छता नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण की संकल्पना को सड़क पर उतार कर दिखा दिया। मदन मोहन चौबे वार्ड में आयोजित इस भव्य आयोजन ने साबित कर दिया कि जब नागरिक ठान लें तो शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाती है।

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य, सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार, बीना संजू बैनर्जी, स्थानीय पार्षद सुशीला मिश्रीलाल, सीमा श्रीवास्तव गोविंद चावला, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, उपयुक्त शैलेश गुप्ता, नोडल अधिकारी आदेश जैन विभिन्न समाजसेवी संगठन, योग ग्रुप, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप, गणमान्य नागरिक सहित काफी संख्या में डन कॉलोनी निवासी, छात्र, छात्राएं, युवा, महिला, बुजुर्ग आदि की मौजूदगी रही।

हर आयु वर्ग ने की उत्साहपूर्ण सहभागिता

प्रातः7 बजते ही डन कॉलोनी का मुख्य मार्ग ‘नो व्हीकल जोन’ में तब्दील होते ही उत्साह के रंग में रंग गया। जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठजनों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने आयोजन को महोत्सव का रूप दे दिया। नागरिकों ने सपरिवार पहुंचकर स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

योग से जुंबा तक दिखा उत्साह

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योग सत्र से हुआ, जहां सैकड़ों नागरिकों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर शरीर और मन के संतुलन का संदेश दिया। इसके बाद साइकिल रैली में युवाओं की टोली ‘एक्टिव कटनी, फिट कटनी’ के नारों के साथ निकली तो स्केटिंग ट्रैक पर नन्हे बच्चों ने करतब दिखाकर सबका दिल जीत लिया। रस्साकशी, नींबू-चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल कैरम, पिट्टू, शतरंज, पिट्टू, सांप सीढ़ी, में बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर साबित किया कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती। वही स्वच्छता पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने भी एक से बढ़कर एक कलाकृति उकेरी।

‘महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ’

राहगीरी डे केवल पसीना बहाने का मंच नहीं था, बल्कि सोच बदलने की प्रयोगशाला भी बना। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। जबकि निगम की आई ई सी टीम द्वारा ‘फोर बिन सिस्टम’ के लाइव डेमो स्टॉल पर निगम कर्मियों ने गीला, सूखा, सेनेटरी एवं हानिकारक कचरे को अलग-अलग कर दिखाया और बताया कि ‘कचरे का सही निपटान घर से ही शुरू होता है’। नुक्कड़ नाटक ‘पॉलिथीन छोड़ो, पर्यावरण जोड़ो’ ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों को इतने मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया कि कई नागरिकों ने मौके पर ही कपड़े के थैले उपयोग करने का संकल्प लिया। बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोलियों में ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2026’ और ‘गार्बेज फ्री सिटी’ के संदेशों ने सभी का ध्यान खींचा।

ये शुरुआत है, मंजिल अभी बाकी

कार्यक्रम में निगम प्रशासन द्वारा बताया गया कि, “आज की भीड़ बता रही है कि कटनी बदल रहा है। स्वच्छता और स्वास्थ्य अब सरकारी अभियान नहीं, जन-आंदोलन बन चुके हैं। राहगीरी डे ने सिद्ध कर दिया कि जब सड़कें नागरिकों की होती हैं, तो वहां से केवल मनोरंजन नहीं, बदलाव की इबारत लिखी जाती है।

नशामुक्ति का दिया गया संदेश

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू छोड़ो जीवन से नाता जोड़ो का संदेश दिया। वहीं गायत्री परिवार की टीम ने गीत एवं रैली के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। जादूगर एम कुमार ने जादू के एक से बढ़कर एक करतब दिखाकर उपस्थित जनों से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प दिया।

एक सुबह ने दी प्रेरणा

निगम प्रशासन ने आयोजन की सफलता का श्रेय नागरिकों की अभूतपूर्व भागीदारी को देते हुए कहा, “आपका एक घंटा का समय, आपके शहर को 24 घंटे स्वच्छ और स्वस्थ रखने की ताकत देता है। आज जो संकल्प लिए गए हैं, उन्हें यदि हम अपनी दिनचर्या में उतार लें, तो ‘विकसित और आदर्श कटनी’ का सपना दूर नहीं।” कार्यक्रम ने यह तर्क स्थापित किया कि स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ शहर की नींव रख सकते हैं, और जन-भागीदारी के बिना कोई भी सरकारी योजना सफल नहीं हो सकती। कार्यक्रम के समापन के पूर्व विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों के उपहार एवं तुलसी का गमला भेट कर सम्मानित किया गया।

Exit mobile version