शराबबंदी वाले बिहार में होटल के कमरे में चल रही थी पार्टी, मुजफ्फरपुर पुलिस ने कोलकाता की दो महिला एंकरों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब पीने और तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ीपुर इलाके का है, जहां पुलिस ने एक निजी होटल में छापेमारी कर शराब का सेवन कर रही दो महिला इवेंट एंकरों को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और शहर में आयोजित शादी समारोहों में एंकरिंग करने आई थीं।
शादी समारोह से लौटकर होटल के कमरे में पी रही थीं शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता (राजेंद्र प्रसाद कॉलोनी) निवासी मधुमिता मुखर्जी और पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया (दुर्गाचक) निवासी पिंकी सिंह के रूप में हुई है। दोनों गुरुवार रात शादी समारोह का कार्यक्रम खत्म करने के बाद माड़ीपुर स्थित होटल के अपने कमरे में लौटी थीं। इसी दौरान काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस को कमरे में शराब होने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल होटल में छापेमारी कर कमरे की तलाशी ली, जहां से वोदका और प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब की दो बोतलें बरामद हुईं।
होटल मैनेजर समेत चार लोगों पर एफआईआर, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि सुरक्षा और शराबबंदी कानून के सख्त पालन के तहत शहर के होटल, लॉज और धर्मशालाओं में लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में की गई इस कार्रवाई के दौरान दोनों महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद होटल मैनेजर समेत कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और दोनों गिरफ्तार महिला एंकरों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि दोनों महिलाएं यह शराब पश्चिम बंगाल से अपने साथ लेकर आई थीं या मुजफ्फरपुर के किसी स्थानीय शराब तस्कर ने होटल के कमरे तक इसकी सप्लाई की थी।











