Latest

3 अगस्त से कटनी होकर चलेगी नई रीवा-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस, शहरवासियों को मिलेगा लाभ, उद्घाटन के बाद हर बुधवार को रीवा से और हर गुरुवार को पुणे से चलेगी ट्रेन

कटनी(यशभारत.काम)। रीवा से पुणे के बीच कटनी जंक्शन होकर पहली साप्ताहिक एक्सप्रेस के चलने की तिथि की घोषणा रेलवे के द्धारा कर दी गई है। 3 अगस्त को उद्घाटन के दिन रीवा से ट्रेन सुबह 11 बजे रवाना की जाएगी। उसके बाद 6 अगस्त से हर बुधवार को ट्रेन प्रात: 6:45 बजे रीवा से रवाना होगी। रीवा स्टेशन से 3 अगस्त को रीवा-पुणे नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। गाड़ी संख्या 20151/20152 रीवा-पुणे-रीवा साप्ताहिक एक्सप्रेस हर बुधवार को रीवा से और हर गुरुवार को पुणे से चलेगी। कुल मिलाकर रीवा-पुणे नई ट्रेन को पटरी पर उतारने की तिथि अब फाइनल हो गई है। 2 महीने से ट्रेन चलाने का चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया है। 3 अगस्त को रीवा-पुणे ट्रेन हो हरी झंडी मिलेगी। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि पहले फेरे में इनागरल स्पेशल ट्रेन चलेगी। इसके बाद गाड़ी का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 3 अगस्त को रीवा-पुणे इनॉरगल स्पेशल ट्रेन सुबह 10:50 पर रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व रीवा स्टेशन में डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम की तैयारियों जोरों से चल रही है। उद्घाटन के दिन ट्रेन से रीवा से रवाना होकर सतना स्टेशन में लगभग दोपहर 12 बजे आएगी। यहां सांसद गणेश सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि 29 मई को रेल मंत्री अश्वनी वैश्णव ने मप्र से रीवा-पुणे सहित तीन नई ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। इस ट्रेन को संचालित करने के लिए रेलवे ने प्रस्तावित ट्रेन नंबर एवं टाइमिंग जारी कर दी है।

हफ्ते में एक दिन होगा संचालन

रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक अप-डाउन की गाड़ी संख्या 20151/20152 रीवा-पुणे-रीवा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। अप गाड़ी संख्या 20152 रीवा-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस हफ्ते के प्रत्येक बुधवार को रीवा से सुबह 6:45 बजे रवाना होकर सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर कटनी आएगी और 5 मिनट का ठहराव लेने के बाद 8 बजकर 55 मिनट पर कटनी से रवाना होकर दूसरे दिन गुरूवार की सुबह 9:45 बजे पुणे पहुंचेगी। इसी प्रकार डाउन गाड़ी संख्या 20151 पुणे-रीवा साप्ताहिक एक्सप्रेस हफ्ते के प्रत्येक गुरुवार को पुणे से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर कटनी आएगी और 5 मिनट का ठहराव लेने के बाद दोपहर ढाई बजे रीवा के लिए रवाना होगी।

इन स्टेशनों पर होगा नई ट्रेन का स्टापेज

रीवा से पुणे के बीच नई ट्रेन सतना, कटनी, जबलपुर, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर स्टेशन पर ठहराव लेगी।

रक्षाबंधन से पहले एमपी को मिली 3 नई ट्रेनें

मध्य प्रदेश को रक्षाबंधन से पहले तीन नई ट्रेनें मिलने जा रही हैं। इसकी घोषणा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की है। तीनों ट्रेनों का संचालन 3 अगस्त से शुरू हो जाएगा। इन ट्रेनों में भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस, रीवा-पुणे एक्सप्रेस व जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। पहली ट्रेन महाराष्ट्र के भावनगर से अयोध्या(उत्तर प्रदेश) के बीच चलेगी जो मध्य प्रदेश से गुजरेगी। दूसरी ट्रेन एमपी के रीवा और महाराष्ट्र के पुणे के बीच दौड़ेगी तथा तीसरी ट्रेन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और एमपी के जबलपुर के बीच दौड़ेगी।

 

Back to top button