पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या, AI स्कैच से खुला राज , CCTV में युवक संग दिखी थी आखिरी तस्वीर

ग्वालियर। AI गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के कटारे फार्म में मिली अज्ञात महिला की लाश का रहस्य अब धीरे-धीरे सुलझने लगा है। पुलिस ने आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से जो स्कैच तैयार कराया, वही इस सनसनीखेज हत्याकांड की सबसे बड़ी कड़ी साबित हुआ। स्कैच सामने आते ही स्थानीय लोगों ने महिला की पहचान कर ली। मृतका का नाम कल्लो उर्फ कालीबाई बताया गया है, जो अक्सर इस इलाके में घूमती नजर आती थी।
CCTV ने बताया आखिरी सच
स्कैच के आधार पर पुलिस जब दोबारा इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पहुंची, तो एक अहम सुराग हाथ लगा। घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सड़क पर महिला एक युवक के साथ चलते हुए कैमरे में कैद मिली। पुलिस इस युवक को ही प्रमुख संदेही मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
जैकेट बनी सबसे मजबूत कड़ी
सीसीटीवी फुटेज में युवक जिस जैकेट में नजर आया, वही जैकेट घटनास्थल से महिला के कपड़ों के पास बरामद हुई है। यह साक्ष्य पुलिस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है और जांच की दिशा तय कर रहा है।
पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या
सोमवार को कटारे फार्म की झाड़ियों के बीच महिला का अर्द्धनग्न शव मिला था। जांच में सामने आया कि महिला की सिर पर पत्थर पटककर बेरहमी से हत्या की गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
AI तकनीक से मिली पहचान
महिला की शिनाख्त के लिए एएसपी अनु बेनीवाल के निर्देश पर आईटी एक्सपर्ट्स की मदद ली गई। AI तकनीक से तैयार स्कैच को लेकर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने पूरे इलाके में अभियान चलाया। स्कैच आसपास के जिलों में भी भेजा गया, जिसके बाद ठेले और गुमटी लगाने वालों ने महिला को पहचान लिया। जानकारी के अनुसार कल्लो उर्फ कालीबाई टीकमगढ़ की रहने वाली थी और कुछ माह पहले ग्वालियर आई थी।
10 हजार का इनाम घोषित
सीसीटीवी में दिख रहा संदेही लाल रंग का गमछा गले में डाले, चप्पल पहने, मूंछ और दाढ़ी में नजर आ रहा है। उसका चेहरा फुटेज में साफ दिख रहा है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने संदेही की पहचान कराने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। टीकमगढ़ पुलिस को भी महिला की पहचान और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी दे दी गई है। AI तकनीक, CCTV और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस अब हत्यारे तक पहुंचने के बेहद करीब है। जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़ा पूरा सच सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।








