छठ महापर्व की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, तीन प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण,घाटों पर सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने के अधिकारियों को दिए निर्दे
कटनी। आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाबा घाट, बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। घाटों की सीढ़ियों, नदी किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे और गाद की सफाई कराई जाए। साथ ही घाटों एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवागमन मार्गों के किनारे चूने की लाइनिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने घाट परिसर एवं पहुंच मार्गों पर झुकी हुई पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने, मच्छरों एवं अन्य कीटों से बचाव के लिए नियमित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ घाटों की पुताई का कार्य भी समय पर पूर्ण करने को कहा।
बजरंग और छपरवाह घाट पर बनेगी रेलिंग
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पर रेलिंग निर्माण की आवश्यकता जताई। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को दोनों घाटों पर रेलिंग निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर आगामी समय में निर्माण कार्य कराया जा सके।
महापौर ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी एवं सुभाष साहू, क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला, श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं शकुंतला सोनी, सहायक यंत्री मोना करेरा, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल एवं राजललित गुमास्ता, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनौजिया सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












