कंजूस’ नाटक के हास्य-व्यंग्य ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, कलाकारों के अभिनय ने जीता दिल
‘कंजूस’ नाटक के हास्य-व्यंग्य ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, कलाकारों के अभिनय ने जीता दि
कटनी। एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसायटी, कटनी की मासिक नाट्य प्रस्तुति के तहत रविवार को यूनियन मंच, ऑर्डनेंस फैक्ट्री कटनी में फ्रांसीसी नाटककार मोलियर के विश्वप्रसिद्ध हास्य नाटक “कंजूस” का सफल मंचन किया गया। सादात भारती द्वारा हिंदी अनुवादित इस नाटक का निर्देशन एवं परिकल्पना आदित्य गोस्वामी ने की। हास्य और व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुति ने पूरे समय दर्शकों को बांधे रखा और कलाकारों की दमदार अदाकारी पर सभागार तालियों की गूंज से गूंजता रहा।
वर्ष 1668 में लिखी गई मोलियर की कालजयी कृति ‘ल’अवारे (द मिज़र)’ पर आधारित इस हिंदुस्तानी रूपांतरण में धनी लेकिन अत्यंत कंजूस मिर्ज़ा सखावत बेग की कहानी प्रस्तुत की गई। धन के प्रति उसका अंधा मोह परिवार में हास्यास्पद और विडंबनापूर्ण परिस्थितियां पैदा करता है। बेटी अज़रा और बेटे फ़र्रुख का विवाह उनकी इच्छा के विरुद्ध केवल धन के लालच में तय करना तथा स्वयं बिना दहेज के युवा मरियम से विवाह करने की उसकी चाह कहानी को रोचक मोड़ देती है। नाटक लालच, पारिवारिक तनाव और धन की अंधी दौड़ पर तीखा व्यंग्य करते हुए यह संदेश देता है कि धन जीवन का साधन है, साध्य नहीं।
नाटक में अनुज मिश्रा ने मिर्ज़ा सखावत बेग, आकाश तिवारी ने नासिर, शुभम रजक ने फ़र्रुख, शिवानी अहिरवार ने अज़रा, वान्या मालवीय ने फ़र्जीना, अनन्या तिवारी ने मरियम, शिवा रजक ने नम्बू, शिवम रजक ने अल्फू-1, हर्ष श्रीवास्तव ने अल्फू-2, द्वारिका दाहिया ने असलम, सतीश अहिरवार ने हवलदार तथा आशुतोष गुप्ता ने खेरा की भूमिका निभाई। सभी कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवाद अदायगी और जीवंत मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रस्तुति की सफलता में मंच के पीछे कार्यरत टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रकाश परिकल्पना एवं संचालन सादात भारती, संगीत निर्माण एवं संचालन गणेश माथुर, ताल वाद्य पर दिव्यांश दाहिया एवं विनोद सूर्यवंशी, गायक मंडली में अनुज मिश्रा, आदित्य गोस्वामी, आकाश तिवारी, शिवानी अहिरवार, अनन्या तिवारी एवं वान्या मालवीय, रूप सज्जा मोहनी गोस्वामी, वेशभूषा एवं वस्त्रविन्यास दीप्ति मिश्रा, मंच व्यवस्थापक के.एल. राव, प्रस्तुति नियंत्रक ऋषि परोहा तथा निर्देशन एवं परिकल्पना आदित्य गोस्वामी ने संभाली।
कार्यक्रम में अरविंद तिवारी, शकील अहमद और मनोज निगम सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की और जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों, तकनीकी सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसायटी, कटनी भविष्य में भी अपनी मासिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ऐसी ही सार्थक, गुणवत्तापूर्ण और समाजोपयोगी रंगमंचीय प्रस्तुतियां मंचित करती रहेगी।








