बेटी की बिंदोली में जमकर नाचे पिता, एक घंटे बाद सीने में दर्द से थम गईं सांसें; शादी न रुके इसलिए मॉर्च्युरी में रखा शव, फेरे होने तक मां-बेटी को बताया- ‘ICU में हैं’
उदयपुर (राजस्थान)। राजस्थान के उदयपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार (भूधर) गांव में एक घर में बेटी की शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, लेकिन अचानक परिवार की खुशियां गहरे मातम में बदल गईं। जिस आंगन से बेटी की डोली उठनी थी, वहां विवाह की रस्मों के बीच पिता शंकरलाल मेघवाल (51) की हार्ट अटैक (सीने में दर्द) से मौत हो गई।
बिंदोली खत्म होने के एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत शंकरलाल मेघवाल के तीन बच्चे हैं—सबसे बड़ी बेटी प्रियंका और दो छोटे बेटे। 20 नवंबर को घर में बेटी प्रियंका की शादी थी और आंगन में मंडप सजा हुआ था। देर रात निकली बेटी की बिंदोली में शंकरलाल बेहद खुश थे और पूरे उत्साह के साथ जमकर नाचे भी थे।
लेकिन खुशियों के इस माहौल को नजर लग गई। बिंदोली खत्म होने के करीब एक घंटे बाद ही शंकरलाल ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की और अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में ऋषभदेव अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर शहर के एमबी (महाराणा भूपाल) अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सादगी से करवाए गए फेरे, अगले दिन हुआ अंतिम संस्कार
इस वज्रपात के बीच परिजनों ने अदम्य धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। मां और दुल्हन बनी बेटी प्रियंका को यह दुखद खबर सुनकर गहरा सदमा न लगे और शादी की रस्में संपन्न हो जाएं, इसके लिए परिवार ने आपसी सहमति से पिता के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। मां और बेटी को सिर्फ इतना बताया गया कि उनकी तबीयत गंभीर है और वे आईसीयू (ICU) में भर्ती हैं, इसलिए बात करने की स्थिति में नहीं हैं।
इसके बाद वर पक्ष के निकटतम सदस्यों को विश्वास में लेकर उसी रात बेहद सादगीपूर्ण माहौल में बेटी के फेरे करवाए गए। विवाह संपन्न होने के बाद दूसरे दिन 21 नवंबर को गमगीन माहौल में मृतक पिता शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया गया।

